खड़ी ढाल और संकरी सड़क से मिलेगी राहत, नाहन से पीजी कॉलेज तक बनेगा पैदल पथ
नागरिक और सड़क सुरक्षा को लेकर विधायक अजय सोलंकी की पहल, बस स्टॉपेज और ब्लैक स्पॉट भी होंगे सुरक्षित
हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन
नाहन से बरोजा फैक्ट्री होते हुए डॉ. वाईएस परमार राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय तक पैदल पथ बनाने की योजना को लेकर कवायद तेज हो गई है। एनएच-907ए के इस हिस्से में नाहन से बरोजा फैक्ट्री तक सड़क पर खड़ी ढाल के साथ-साथ सड़क काफी संकरी है।

इस कारण यहां पैदल चलने वाले लोगों को हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है और छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं भी होती रही हैं। ऐसे में प्रस्तावित पैदल पथ को नागरिक सुरक्षा और सड़क सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मंगलवार को विधायक अजय सोलंकी ने नगर परिषद अध्यक्ष उपमा धीमान, एसडीएम नाहन राजीव संख्यान, राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिशासी अभियंता राकेश खंडूजा सहित संबंधित अधिकारियों के साथ प्रस्तावित मार्ग का साइट निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क को सुरक्षित बनाने के साथ पैदल यात्रियों के लिए अलग मार्ग उपलब्ध करवाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर करने पर विस्तार से चर्चा की गई।

योजना के तहत जीरो प्वाइंट से करीब पांच किलोमीटर के क्षेत्र में मोहल्ला गोबिंदगढ़, यशवंत चौक, आईटीआई, कार्मेल स्कूल और बरोजा फैक्ट्री तक पैदल पथ बनाने का प्रस्ताव है। सड़क के पहाड़ी हिस्से में मौजूद ड्रेनेज लाइन को स्टील ग्रिल से कवर कर सड़क की उपयोगी चौड़ाई बढ़ाने का भी प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।

इसके अलावा दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट को सुधारने तथा बसों के स्टॉपेज को भी सुरक्षित और व्यवस्थित करने की योजना में शामिल किया गया है।
विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि सड़क सुरक्षा और आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर परिषद, स्थानीय प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारियों के साथ योजना को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रस्ताव तैयार कर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को भेजा जाएगा, ताकि इस महत्वपूर्ण मार्ग पर पैदल चलने वाले लोगों को सुरक्षित सुविधा मिल सके और दुर्घटनाओं का खतरा कम किया जा सके।
राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिशासी अभियंता राकेश खंडूजा ने बताया कि प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है और बजट को लेकर कोई समस्या नहीं है। स्वीकृति के बाद योजना को जल्द अमलीजामा पहनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष उपमा धीमान ने विधायक के समक्ष वार्ड से जुड़ी अन्य समस्याएं भी रखीं और उनके शीघ्र समाधान का आग्रह किया।