नव निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के साथ कांग्रेस की बैठक, संगठन विस्तार और विकास कार्यों पर दिया गया जोर
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने शिमला में नव निर्वाचित जिला परिषद, पंचायत समिति और नगर निगम पार्षदों के साथ बैठक की। बैठक में जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारियों, संगठन विस्तार और आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
शिमला
नव निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में शिमला जिला के हाल ही में निर्वाचित जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों तथा शिमला ग्रामीण क्षेत्र से नगर निगम शिमला के पार्षदों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि निर्वाचित जनप्रतिनिधियों पर संगठन और लोगों के प्रति महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होती है तथा उन्हें अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए लोगों की अपेक्षाओं पर कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भले ही नगर निगम को छोड़ अन्य चुनाव पार्टी चिन्ह पर नहीं हुए, लेकिन कांग्रेस विचारधारा से जुड़े उम्मीदवारों की जीत से प्रदेश सरकार की नीतियों और निर्णयों को समर्थन मिलने का संदेश मिला है। उन्होंने कहा कि अब सभी जनप्रतिनिधियों को अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए संगठन को मजबूत करने की दिशा में कार्य करना होगा।
संगठन विस्तार और विकास कार्यों पर चर्चा
शिमला ग्रामीण के विधायक एवं लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सभी नव निर्वाचित सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि उन्हें मतदाताओं की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास की जिम्मेदारी जनप्रतिनिधियों और विधायक की समान रूप से है। उन्होंने संगठन को मजबूत करने और क्षेत्र में संगठन विस्तार अभियान को गति देने का भी आह्वान किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिमला ग्रामीण हरिकृष्ण हिमराल ने कहा कि जिला में संगठन विस्तार अभियान को आगे बढ़ाते हुए जल्द सदस्यता अभियान शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिला कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और इसे शीघ्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने केंद्र सरकार की नीतियों पर रखी बात
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने नव निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए केंद्र सरकार की ग्रामीण क्षेत्रों से संबंधित नीतियों पर अपनी बात रखी। उन्होंने मनरेगा का उल्लेख करते हुए कहा कि यह योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने कहा कि किसानों, बागवानों और युवाओं से जुड़े विषयों पर लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता है।
बैठक में कई पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में एआईसीसी सचिव विदित चौधरी, चेतन चौहान, यशवंत छाजटा, विनोद जिंटा, अमित नंदा, विकास कालटा, शहरी अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह, जिला परिषद सदस्य आशा कंवर, प्रियंका तंवर, अनुराधा, सुरेंद्र मोगटा, अनीता शर्मा, सुरेंद्र रेक्टा, डिप्टी मेयर उमा कौशल, प्रधान जितेंद्र ठाकुर, बीसीडी अध्यक्ष कौशल्या शर्मा, जीत राम ठाकुर, उपाध्यक्ष भूप राम, विक्रम वर्मा, प्रधान वनिता वर्मा, मधु, इंदर, पार्षद सत्य वर्मा, हेमलता, प्रवीण गुप्ता, शमीम कटारिया, ममता चंदेल, बीसीडी सदस्य लाल सिंह, विशाल, ललित, चंद्र प्रभा नेगी, मोनिता चौहान, पूनम चंद्रिका, संजय ठाकुर, सौरभ चौहान, अमित भरमौरी सहित शिमला ग्रामीण के अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
