शिमला डेंटल कॉलेज के जूनियर छात्रों ने लगाए रैगिंग के आरोप, एंटी रैगिंग कमेटी ने शुरू की जांच
शिमला के सरकारी डेंटल कॉलेज के जूनियर विद्यार्थियों ने तीन सीनियर छात्रों पर संजौली में रैगिंग करने का आरोप लगाया है। अस्पताल प्रबंधन को ई-मेल के माध्यम से तीन शिकायतें भेजी गई हैं, जिनके साथ कथित घटनाक्रम की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी दी गई है। शिकायतें मिलने के बाद कॉलेज प्रबंधन ने मामले की जांच एंटी रैगिंग कमेटी को सौंपकर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
शिमला/शिमला
शिकायतों में आरोप लगाया गया है कि तीन सीनियर छात्रों ने सात से आठ जूनियर विद्यार्थियों को फोन करके संजौली बुलाया था। वहां एक परिसर में उनसे कई प्रकार की बातें कही गईं, जिन्हें जूनियर विद्यार्थियों ने रैगिंग बताया है। शिकायतकर्ताओं ने ई-मेल में अपने नाम नहीं लिखे हैं, लेकिन संबंधित सीनियर छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। अस्पताल प्रबंधन अब शिकायतों के साथ भेजी गई ऑडियो रिकॉर्डिंग की भी जांच कर रहा है।
जांच रिपोर्ट के आधार पर होगा कार्रवाई का फैसला
कॉलेज प्रबंधन को गुरुवार सुबह शिकायत संबंधी ई-मेल प्राप्त हुए थे। इसके बाद एंटी रैगिंग कमेटी ने उसी दिन बैठक कर कॉलेज से संजौली तक के पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. योगेश भारद्वाज के अनुसार, कमेटी से विस्तृत जांच रिपोर्ट मांगी गई है। जांच में रैगिंग के आरोपों की पुष्टि होने पर अस्पताल प्रबंधन संबंधित छात्रों के खिलाफ कार्रवाई पर फैसला लेगा।