Loading...

NDPS / शिमला के होटल के कमरे में छापेमारी, 4.28 ग्राम चिट्टा बरामद; दो आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी

PRIYANKA THAKUR • 5 Hours Ago • 1 Min Read

Himachalnow / शिमला

NDPS : शिमला के ढली थाना क्षेत्र में पुलिस ने होटल के एक कमरे में छापेमारी कर 4.28 ग्राम चिट्टा बरामद किया है और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर पुलिस द्वारा आगे की जांच की जा रही है।

शिमला

सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार रविवार रात थाना ढली की टीम को सूचना प्राप्त हुई थी कि एक होटल के कमरे में कुछ लोग नशे से संबंधित गतिविधियों में संलिप्त हो सकते हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए स्वतंत्र गवाहों और होटल प्रबंधन की मौजूदगी में होटल परिसर के एक कमरे में तलाशी अभियान चलाया।

तलाशी के दौरान बरामद हुआ चिट्टा
तलाशी के दौरान कमरे में दो व्यक्ति मौजूद पाए गए। कमरे की जांच में एक कैरी बैग से 4.28 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को मौके पर ही कब्जे में लेकर विधि अनुसार सील कर लिया और आवश्यक दस्तावेजी कार्रवाई पूरी की गई।

दो आरोपी गिरफ्तार, केस दर्ज
पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान कोटखाई क्षेत्र के 30 वर्षीय शकील बख्शिंता और भट्टाकुफर क्षेत्र के 45 वर्षीय प्रदीप कुमार उर्फ पिंकी के रूप में हुई है। इस संबंध में थाना ढली में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।

नशा विरोधी अभियान जारी
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि जांच प्रक्रिया जारी है और नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष शिमला पुलिस द्वारा 100 से अधिक मामलों में कार्रवाई करते हुए 219 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।