NDPS / चंडीगढ़ और अमृतसर से दो सप्लायर गिरफ्तार, 29 अंतरराज्यीय नेटवर्क पर कार्रवाई
NDPS : शिमला पुलिस ने एनडीपीएस मामलों की जांच के दौरान चंडीगढ़ और अमृतसर से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक 29 अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्कों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
शिमला
दो अलग-अलग मामलों में हुई कार्रवाई
शिमला पुलिस द्वारा एनडीपीएस अधिनियम के तहत दर्ज मामलों की जांच के दौरान दो राज्यों से मुख्य सप्लायरों को गिरफ्तार किया गया है। एएसपी शिमला अभिषेक कुमार ने बताया कि पुलिस थाना कुमारसैन में 13 मई 2026 को मुकदमा संख्या 32/2026 धारा 21 और 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किया गया था। इस मामले में पुलिस ने निखिल ठाकुर निवासी चौड़ा मैदान शिमला और सुलभ थापा निवासी टुटीकंडी शिमला को गिरफ्तार किया था। दोनों आरोपियों के कब्जे से करीब 11 ग्राम चिट्टा और हेरोइन बरामद की गई थी।
डिजिटल और वित्तीय जांच में सामने आया सप्लायर
पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ और डिजिटल साक्ष्यों की जांच के दौरान यह सामने आया कि बरामद नशीले पदार्थ की सप्लाई चंडीगढ़ निवासी आकाश द्वारा की गई थी। इसके बाद 15 मई को पुलिस थाना ढली की टीम ने चंडीगढ़ में कार्रवाई करते हुए आरोपी आकाश को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार मामले में वित्तीय लेनदेन और संपर्क रिकॉर्ड की भी जांच की गई है।
रामपुर मामले में अमृतसर से आरोपी गिरफ्तार
इसी प्रकार थाना रामपुर में 9 मई 2026 को दर्ज मामले में पुलिस ने रोहित चौहान, तुषार वर्मा और प्रवीण कुमार को गिरफ्तार किया था। इस दौरान उनके कब्जे से करीब 9 ग्राम चिट्टा और डिस्पोजेबल सिरिंज बरामद की गई थीं। मामले की जांच में सामने आया कि बरामद नशीले पदार्थ की सप्लाई अमृतसर निवासी अमनदीप सिंह द्वारा की गई थी। पुलिस थाना कुमारसैन की टीम ने 15 मई को अमृतसर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार किया।
2026 में 37 आरोपी गिरफ्तार
एएसपी अभिषेक कुमार ने बताया कि वर्ष 2026 में बैकवर्ड लिंकिज के आधार पर अब तक 37 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस के अनुसार इस अवधि में 29 अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्कों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। पुलिस मामलों से जुड़े अन्य व्यक्तियों और नेटवर्क की भी जांच कर रही है।