सिरमौर जिला निशानेबाजी प्रतियोगिता संपन्न, 78 प्रतिभागियों ने दिखाया दमखम
धौलाकुआं में आयोजित 23वीं जिला सिरमौर निशानेबाजी प्रतियोगिता में जिलेभर से 78 प्रतिभागियों ने दस, पच्चीस और पचास मीटर स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। दो दिवसीय प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक जीते, जबकि समापन समारोह में विजेताओं को सम्मानित किया गया।
धौलाकुआं
छठी भारतीय आरक्षित वाहिनी पुलिस शूटिंग क्लब, धौलाकुआं में आयोजित 23वीं जिला सिरमौर निशानेबाजी प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक समापन हो गया। दो दिवसीय प्रतियोगिता 29 से 30 जून तक आयोजित की गई, जिसमें जिले भर से करीब 78 प्रतिभागियों ने विभिन्न वर्गों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।प्रतियोगिता में दस मीटर, पच्चीस मीटर तथा पचास मीटर निशानेबाजी स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। इसमें पुरुष, महिला, जूनियर, युवा तथा सब जूनियर वर्ग के खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य जिले में निशानेबाजी खेल को बढ़ावा देना, नई प्रतिभाओं की पहचान करना तथा खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराना रहा।
समापन समारोह में हिमाचल प्रदेश पुलिस शूटिंग क्लब के अध्यक्ष भगमल ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर राइफल एसोसिएशन सिरमौर के महासचिव विभूति सिंह भी मौजूद रहे। मुख्य अतिथि ने विजेता खिलाड़ियों को पदक एवं पुरस्कार प्रदान किए तथा सभी प्रतिभागियों के अनुशासन, समर्पण और खेल भावना की सराहना की।अपने संबोधन में भगमल ठाकुर ने कहा कि नियमित अभ्यास, कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प से ही खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने के साथ-साथ भविष्य के उत्कृष्ट निशानेबाज तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
प्रतियोगिता में शिवम कपिल ने विभिन्न पिस्टल एवं राइफल स्पर्धाओं में चार स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। किरण बाला, भाव्या ठाकुर, परी थापा, शौर्य वीर, आर्यमान मेहरा, चंदन, मानव कोठारी, ऋषभ सैनी, क्षितिज सैनी, परवीन कुमार, आशीष कश्यप, पूजा भारद्वाज, अंश चौधरी, अर्जुन सिंह, आरव सैनी, प्रियंशु चौधरी, ऋषभ चौधरी, सूर्यांश कपूर, कनक कंठ, ओजस्विनी, जुगल किशोर, मोहम्मद अर्श, धिव्यांशु, अनुष्का, मानस्वी नेगी, आरुषि, राजेश कुमार, मीनाक्षी, शुशांत शर्मा, सान्वी, शुभम पुंडीर, शुभम कुंडलास, धीरेंद्र तथा शिवम सहित अनेक खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक अपने नाम किए।
आयोजकों ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले अधिकारियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों, स्वयंसेवकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी जिले में निशानेबाजी खेल को बढ़ावा देने के लिए इसी प्रकार के आयोजन जारी रखने का संकल्प दोहराया।