सिरमौर के घेवना गांव से पांच वर्षीय आर्या लापता, पुलिस और ग्रामीणों ने बढ़ाया तलाश अभियान
सिरमौर जिले के संगड़ाह उपमंडल की लाना चेता पंचायत के घेवना गांव से पांच वर्षीय आर्या अचानक लापता हो गई है। परिजनों और ग्रामीणों ने आसपास के क्षेत्रों में बच्ची की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर सोमवार सुबह पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस ने ग्रामीणों के साथ मिलकर खोज अभियान शुरू किया और आसपास के जंगलों व दुर्गम क्षेत्रों में तलाश का दायरा बढ़ाया।
सिरमौर/संगड़ाह
जानकारी के अनुसार, घेवना गांव निवासी विपन कुमार की पांच वर्षीय पुत्री आर्या रविवार शाम करीब चार बजे अपने घर के आंगन में खेल रही थी। इसी दौरान वह अचानक परिजनों की नजरों से ओझल हो गई। परिवार के सदस्यों ने पहले अपने स्तर पर काफी खोजबीन की। बच्ची का पता नहीं चलने पर ग्रामीण भी तलाश में शामिल हुए और गांव के आसपास स्थित जंगलों तथा दुर्गम क्षेत्रों में उसे खोजा गया।
सोमवार सुबह मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस दल मौके पर पहुंचा और जांच के साथ खोज अभियान आगे बढ़ाया। पुलिस और ग्रामीण संयुक्त रूप से बच्ची की तलाश कर रहे हैं। पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि आर्या के संबंध में किसी को कोई जानकारी मिले तो वह तुरंत हेल्पलाइन नंबर 112 या संगड़ाह पुलिस थाना को सूचित करे।