Weather / सिरमौर में आसमान से बरस रही आग, 40 डिग्री के करीब पहुंचा पारा
Weather : जिला सिरमौर में मई की गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है और मैदानी क्षेत्रों में तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। पांवटा साहिब और कालाअंब में पारा 40 डिग्री के करीब पहुंचने से लोगों को भीषण गर्मी और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ रहा है। बढ़ती गर्मी का असर अब बाजारों, खेती और पेयजल व्यवस्था पर भी साफ दिखाई देने लगा है।
नाहन
जिला सिरमौर में मई महीने ने इस बार लोगों के पसीने छुड़ा दिए हैं। मैदानी क्षेत्रों में गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है और अब हालात ऐसे बनने लगे हैं कि सुबह के समय ही लू जैसे थपेड़े लोगों को घरों में कैद करने लगे हैं। जिला के औद्योगिक क्षेत्रों से लेकर शहरों तक लोग भीषण गर्मी से परेशान हैं, जबकि लगातार बढ़ता तापमान अब पेयजल और खेती पर भी असर डालने लगा है।
मौसम के बदले मिजाज के बीच जिला के निचले क्षेत्रों में तापमान लगातार ऊपर चढ़ रहा है। पांवटा साहिब और कालाअंब क्षेत्र सबसे अधिक गर्मी की मार झेल रहे हैं। पांवटा साहिब में अधिकतम तापमान लगभग 42 से 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की स्थिति में है, जबकि न्यूनतम तापमान 24 से 25 डिग्री के आसपास बना हुआ है। नाहन क्षेत्र में अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री के बीच दर्ज किया जा रहा है। कालाअंब क्षेत्र में भी दिन के समय तापमान 40 डिग्री के आसपास पहुंचने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। राज्य के मैदानी हिस्सों में लगातार तापमान बढ़ने की स्थिति बनी हुई है।
दिन के समय हालत यह है कि कूलर और पंखे भी राहत देने में नाकाम नजर आ रहे हैं। गर्म हवा के थपेड़ों के कारण दोपहर में बाजारों की रौनक कम होने लगी है। लोग जरूरी कामों के लिए सुबह और शाम का समय चुन रहे हैं। शहरों में दोपहर के समय सड़कें अपेक्षाकृत खाली दिखाई देने लगी हैं।औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब और पांवटा साहिब में फैक्ट्रियों में काम करने वाले श्रमिकों की परेशानी भी बढ़ गई है। खुले स्थानों पर काम करने वाले मजदूरों को तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच काम करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर श्रमिक सिर ढककर और पानी की बोतल साथ लेकर काम करते दिखाई दे रहे हैं।
गर्मी का असर अब खेती और जल स्रोतों पर भी दिखाई देने लगा है। सब्जियों सहित नकदी फसलों में नमी की कमी महसूस की जा रही है और किसानों को सिंचाई की आवृत्ति बढ़ानी पड़ रही है। दूसरी तरफ ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की मांग भी बढ़ने लगी है। यदि आने वाले दिनों में बारिश नहीं होती है तो कई क्षेत्रों में पानी की समस्या और गहरा सकती है।मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से ऊपर बने रहने की संभावना है। हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई है, जिससे लोगों को गर्मी से आंशिक राहत मिल सकती है।
