Loading...

श्रावण संक्रांति पर सिरमौर भक्तिमय, मंदिरों में उमड़ी आस्था

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 44 Mins Ago • 1 Min Read

श्रावण संक्रांति के अवसर पर सिरमौर जिले के विभिन्न मंदिरों में श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में पहुंचकर पूजा-अर्चना की। श्री रेणुकाजी तीर्थ सहित प्रमुख देवस्थलों पर हवन-यज्ञ और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने प्रदेश की सुख-शांति, अच्छी फसल और परिवार की समृद्धि की कामना की।

श्री रेणुकाजी

श्रावण संक्रांति (हरियाली संक्रांति) के पावन अवसर पर गुरुवार को सिरमौर जिला पूरी तरह श्रद्धा और भक्ति के रंग में रंगा रहा। सुबह से ही जिले के प्रमुख देवी-देवता मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। लोगों ने अपने कुल देवताओं और आराध्य देवी-देवताओं के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि, अच्छी फसल और खुशहाली की कामना की।श्री रेणुकाजी विकास बोर्ड की ओर से श्री रेणुकाजी तीर्थ में विशेष हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान में तहसीलदार ददाहू ठाकुर जय सिंह ने मुख्य याज्ञिक के रूप में भाग लिया। विकास बोर्ड के सदस्य इंद्र प्रकाश गोयल और राकेश शर्मा भी इस अवसर पर मौजूद रहे।

हवन-यज्ञ में मंदिर के मुख्य पुजारी रमेश कपिल, पंडित रवि दत्त सहित विकास बोर्ड के कर्मचारी माता राम, वीरेंद्र सिंह, तारा चंद, राजेंद्र शर्मा, विक्रम सिंह और रोशन लाल समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। सभी ने प्रदेश और क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि तथा जनकल्याण की कामना की।श्रावण संक्रांति के अवसर पर जिले के विभिन्न धार्मिक स्थलों में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए।

श्रद्धालुओं ने अपने कुल देवता मंदिरों में अनाज सहित अन्य भेंट अर्पित कर परिवार की उन्नति और मंगलमय जीवन की प्रार्थना की।जिले के प्रमुख देवस्थलों शिरगुल महाराज, भूरेश्वर महादेव, महासू देवता, जमनाग देवता सहित विभिन्न देवी-देवताओं के मंदिरों में दिनभर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। धार्मिक आयोजनों के बीच पूरे जिले में भक्ति और आस्था का वातावरण बना रहा।