Loading...

मेरा युवा भारत कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला सलाहकार समिति की बैठक आयोजित

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

नाहन में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी की अध्यक्षता में मेरा युवा भारत कार्यक्रम के तहत जिला सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में माय भारत पोर्टल पर युवाओं के पंजीकरण, वार्षिक कार्ययोजना और युवा विकास कार्यक्रमों की समीक्षा की गई।

नाहन

जिला सलाहकार समिति की बैठक आयोजित

अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी सिरमौर लायक राम वर्मा की अध्यक्षता में उपायुक्त कार्यालय के सभागार में मेरा युवा भारत कार्यक्रम के सफल संचालन को लेकर गठित जिला सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई।

युवा विकास कार्यक्रमों के क्रियान्वयन पर चर्चा

लायक राम वर्मा ने बताया कि जिला स्तर पर युवा विकास कार्यक्रमों के योजनाबद्ध क्रियान्वयन के लिए जिला युवा सलाहकार समिति का गठन किया गया है। समिति का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोड़ना, वार्षिक युवा कार्ययोजना तैयार करना तथा माय भारत पोर्टल पर अधिक से अधिक युवाओं का पंजीकरण सुनिश्चित करना है। इसके साथ ही विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी संगठनों के बीच समन्वय स्थापित कर युवाओं को कौशल विकास, स्वयंसेवा, नेतृत्व विकास और सामुदायिक सहभागिता से जुड़े अवसर उपलब्ध कराना भी समिति की प्राथमिकताओं में शामिल है।

15 अगस्त तक रखा गया पंजीकरण लक्ष्य

बैठक में बताया गया कि वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार सिरमौर जिले की जनसंख्या 5,29,855 है, जिनमें लगभग 1,95,000 युवा शामिल हैं। 30 जून 2026 तक माय भारत पोर्टल पर जिले के 16,856 युवाओं का पंजीकरण किया जा चुका है। 15 अगस्त 2026 तक 23,074 युवाओं का पंजीकरण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी ने 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के सभी युवाओं से निर्धारित अवधि के भीतर माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण कराने की अपील की।

विभिन्न कार्यक्रमों की हुई समीक्षा

बैठक में जिला सिरमौर में मेरा युवा भारत कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों पर भी चर्चा की गई। जिला युवा अधिकारी, माय भारत सिरमौर अमृषा शर्मा ने विभाग की गतिविधियों और विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी प्रस्तुत की। बैठक में समिति से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Topics: