Loading...

सिरमौर में राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ, 8 अक्टूबर तक चलेगा अभियान

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 10 Sep 2026 • 1 Min Read

सिरमौर जिले में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह-2026 का शुभारंभ नाहन स्थित बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय के सभागार में किया गया। जिला कार्यक्रम अधिकारी पवन गर्ग के तत्वावधान में शुरू हुआ यह अभियान 9 सितंबर से 8 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। इस वर्ष राष्ट्रीय पोषण माह की थीम ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ रखी गई है। अभियान के दौरान बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं के पोषण एवं स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।

नाहन

जिला कार्यक्रम अधिकारी पवन गर्ग ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं को पोषण एवं स्वास्थ्य से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध कराने के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष की थीम को धरातल पर उतारने के लिए आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, विभागीय कर्मचारियों और समुदाय की सामूहिक भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रत्येक बच्चे की ऊंचाई और वजन का सही एवं नियमित मापन करने तथा उसके विकास की लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। अपेक्षित प्रगति नहीं करने वाले बच्चों की पहचान कर उन पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

कार्यक्रम में आहार की विविधता और पर्याप्त प्रोटीन के महत्व पर भी चर्चा की गई। पवन गर्ग ने कहा कि बच्चों और महिलाओं के भोजन में अलग-अलग प्रकार के खाद्य पदार्थों को शामिल करना स्वस्थ वृद्धि एवं विकास के लिए जरूरी है। उन्होंने स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों को दैनिक आहार में शामिल करने के लिए जागरूकता बढ़ाने तथा आंगनवाड़ी केंद्रों में ताजा और गर्म पका भोजन उपलब्ध करवाने को कहा। उन्होंने बताया कि जीवन के शुरुआती वर्षों में उचित पोषण, देखभाल, खेल और सीखने के अवसर बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास की मजबूत नींव तैयार करते हैं।

मातृ स्वास्थ्य और स्वस्थ जीवनशैली पर जानकारी

जिला कार्यक्रम अधिकारी ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के माध्यम से पात्र महिलाओं को दिए जा रहे लाभों और मातृ स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर भी प्रकाश डाला। जिला आयुर्वेदिक कार्यालय से डॉ. ममता जैन ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को आयुर्वेद एवं स्वस्थ जीवनशैली के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने दैनिक जीवन में आयुर्वेदिक पद्धतियों के उपयोग के साथ स्थानीय और पारंपरिक खाद्य पदार्थों के स्वास्थ्यवर्धक गुणों के बारे में बताया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय नाहन से डॉ. शबरातन जबीन ने विविध आहार, पर्याप्त प्रोटीन और स्तनपान के महत्व की जानकारी साझा की।

बाल विकास परियोजना अधिकारी इशाक मोहम्मद ने पोषण संबंधी गतिविधियों में परिवार और समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही मजबूत करने पर बल दिया। कार्यक्रम में जिला पोषण समन्वयक राजेश शर्मा, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना समन्वयक प्रियंका, आईसीडीएस पर्यवेक्षक और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपने विभागों और कार्यक्षेत्र से संबंधित विषयों के साथ राष्ट्रीय पोषण माह की थीम तथा उप-विषयों पर विचार साझा किए।

Related Topics: •