Loading...

सिरमौर में लोकतंत्र का महाउत्सव, दूसरे चरण में 85.16 फीसदी मतदान

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 2 Hours Ago • 1 Min Read

हिमाचल प्रदेश पंचायती राज चुनाव 2026 के दूसरे चरण में जिला सिरमौर में 85.16 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। महिला मतदाताओं ने पुरुषों से अधिक मतदान कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी मजबूत भागीदारी दर्ज की।

नाहन

हिमाचल प्रदेश पंचायती राज चुनाव 2026 के दूसरे चरण में जिला सिरमौर में लोकतंत्र का उत्सव पूरे जोश और उत्साह के साथ मनाया गया। जिले की 90 ग्राम पंचायतों के 538 वार्डों में हुए मतदान में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए 85.16 प्रतिशत मतदान दर्ज करवाया। खास बात यह रही कि महिला मतदाताओं ने पुरुषों से अधिक मतदान कर लोकतंत्र में अपनी मजबूत भागीदारी दर्ज की।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि कुल 1 लाख 25 हजार 673 मतदाताओं में से 1 लाख 7 हजार 23 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इनमें 85.12 प्रतिशत पुरुष मतदाता जबकि 85.21 प्रतिशत महिला मतदाताओं ने मतदान किया।

जिलेभर में सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें देखने को मिलीं। दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों से भी मतदाता मतदान केंद्रों तक पहुंचे। इस दौरान पहली बार मतदान करने वाले युवाओं से लेकर 100 वर्ष तक की आयु के वरिष्ठ मतदाताओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला। महिला मतदाताओं और दिव्यांगजन की सक्रिय भागीदारी भी पूरे दिन चर्चा में रही।

मतदान प्रतिशत की बात करें तो विकास खंड कमरऊ स्थित तिलोरधार की 8 पंचायतों में सबसे अधिक 89.38 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वहीं राजगढ़ की 11 पंचायतों में 86.92 प्रतिशत, नाहन की 9 पंचायतों में 86.27 प्रतिशत, संगड़ाह की 13 पंचायतों में 86.17 प्रतिशत तथा ददाहू की 9 पंचायतों में 85.67 प्रतिशत मतदान हुआ।

इसके अलावा पांवटा साहिब की 16 पंचायतों में 84.42 प्रतिशत, शिलाई की 12 पंचायतों में 82.89 प्रतिशत तथा पच्छाद की 12 पंचायतों में 82.3 प्रतिशत मतदान रिकॉर्ड किया गया।

पूरे जिले में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिनभर विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेने वाले सभी मतदाताओं, चुनाव ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जिले में शांतिपूर्ण और सफल मतदान जागरूक मतदाताओं और प्रशासनिक समन्वय का परिणाम है।