Loading...

20 अप्रैल से सिरमौर में निजी बसों की अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान

PRIYANKA THAKUR • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Himachalnow / नाहन

जिला सिरमौर में निजी बस ऑपरेटरों और एचआरटीसी के बीच विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। यूनियन ने चेतावनी दी है कि मामला वापस न लेने पर 20 अप्रैल से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी।इस फैसले से जिले में परिवहन व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है।

नाहन/पांवटा साहिब

जिला सिरमौर में निजी बस ऑपरेटरों और एचआरटीसी के बीच विवाद अब बढ़ता नजर आ रहा है। सिरमौर बस ऑपरेटर यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि बस संचालक पर दर्ज मामला 20 अप्रैल से पहले वापस नहीं लिया गया, तो जिले भर में निजी बसों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी जाएगी।पांवटा साहिब में आयोजित पत्रकार वार्ता में यूनियन अध्यक्ष बलविंदर सिंह पुरेवाल ने कहा कि शिलाई-शिमला रूट पर हाल ही में शुरू हुई बस सेवा को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि एचआरटीसी द्वारा मनमाने तरीके से टाइम टेबल में बदलाव किया गया है, जिससे निजी बस ऑपरेटरों के सामने संकट खड़ा हो गया है।

यूनियन पदाधिकारियों ने बताया कि पांवटा साहिब से टटियाना के लिए निजी बस 2:45 बजे चलती है, जबकि दो मिनट बाद एचआरटीसी की बस का समय है। इसके बीच 2:46 बजे नई बस सेवा शुरू कर दी गई है, जिससे महज कुछ मिनट के अंतराल में तीन बसें एक ही रूट पर चल रही हैं। इससे न केवल प्रतिस्पर्धा बढ़ रही है, बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है।
उन्होंने कहा कि इस संबंध में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी को नया टाइम टेबल तय करने के लिए पत्र भेजा गया है। यदि समय रहते बैठक आयोजित कर समाधान नहीं निकाला गया, तो 20 अप्रैल से निजी बस ऑपरेटर हड़ताल पर चले जाएंगे और संबंधित बस को निर्धारित समय पर चलने नहीं दिया जाएगा।

यूनियन ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित बस को अभी स्थायी परमिट नहीं मिला है और उसे विशेष अनुमति के तहत चलाया जा रहा है, जबकि निजी ऑपरेटरों के साथ सख्ती बरती जाती है। उन्होंने सरकार पर सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस स्थिति में हड़ताल ही एकमात्र विकल्प बचता है।पत्रकार वार्ता में यूनियन के कई पदाधिकारी मौजूद रहे और सभी ने एकजुट होकर चेतावनी दी कि यदि मांगें नहीं मानी गईं, तो पूरे जिले में परिवहन व्यवस्था प्रभावित होगी।