Loading...

जिला परिषद सिरमौर पर भाजपा का कब्जा, शिवानी अध्यक्ष और बलदेव सिंह भंडारी उपाध्यक्ष निर्वाचित

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 7 Hours Ago • 1 Min Read

सिरमौर जिला परिषद में भाजपा ने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर निर्विरोध जीत दर्ज कर मजबूत बहुमत का प्रदर्शन किया। ददाहु वार्ड से शिवानी अध्यक्ष और सराहां वार्ड से बलदेव सिंह भंडारी उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए। भाजपा नेताओं ने इस परिणाम को जिले में जनता के समर्थन और आगामी राजनीतिक दिशा का संकेत बताया।

नाहन

सिरमौर जिला परिषद की सत्ता पर भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर मजबूत पकड़ बनाते हुए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर निर्विरोध कब्जा कर लिया है। मंगलवार को जिला परिषद सभागार में आयोजित चुनाव प्रक्रिया के दौरान ददाहु वार्ड से निर्वाचित शिवानी को सर्वसम्मति से जिला परिषद अध्यक्ष तथा सराहां वार्ड से निर्वाचित बलदेव सिंह भंडारी को उपाध्यक्ष चुना गया। इसके बाद उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने दोनों नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।17 सदस्यीय जिला परिषद में भाजपा के 13 सदस्य, कांग्रेस के तीन और एक निर्दलीय सदस्य निर्वाचित होकर पहुंचे हैं। स्पष्ट बहुमत के चलते भाजपा ने बिना किसी मुकाबले के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पद अपने नाम कर लिए। चुनाव प्रक्रिया में भाजपा के सभी 13 सदस्य उपस्थित रहे और एकमत से दोनों नामों पर मुहर लगी।

परिणाम घोषित होते ही जिला परिषद परिसर में जश्न का माहौल बन गया। कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर जीत का उत्सव मनाया और मिठाई बांटकर खुशी जाहिर की। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, सांसद सुरेश कश्यप, पच्छाद विधायक रीना कश्यप, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं शिलाई के पूर्व विधायक बलदेव तोमर, भाजपा जिला अध्यक्ष धीरज गुप्ता सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने परिणामों को कांग्रेस सरकार और उसके नेतृत्व के खिलाफ जनता का स्पष्ट संदेश बताया। उन्होंने कहा कि सिरमौर वह जिला है जहां प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का राजनीतिक प्रभाव क्षेत्र है और प्रदेश सरकार के वरिष्ठ मंत्री भी इसी जिले से आते हैं, लेकिन इसके बावजूद पंचायती राज संस्थाओं और निकाय चुनावों में कांग्रेस अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सकी। उन्होंने दावा किया कि जनता का रुझान स्पष्ट रूप से भाजपा की ओर दिखाई दे रहा है और यह परिणाम आने वाले विधानसभा चुनावों की राजनीतिक दिशा का संकेत है।

सांसद सुरेश कश्यप, विधायक रीना कश्यप और बलदेव तोमर और प्रदेश अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष मनीष तोमर ने कहा कि जिला परिषद में भाजपा का बहुमत विकास योजनाओं को गति देगा और ग्रामीण क्षेत्रों की आवाज को मजबूती से उठाया जाएगा।नवनिर्वाचित अध्यक्ष शिवानी और उपाध्यक्ष बलदेव सिंह भंडारी ने कहा कि वे सभी सदस्यों को साथ लेकर जिला के समग्र विकास के लिए कार्य करेंगे तथा जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देंगे।