Loading...

जनगणना-2027 के लिए सोलन में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न, डिजिटल प्रक्रिया पर दिया गया जोर

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन2 • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Himachalnow / सोलन

सोलन में जनगणना-2027 के लिए आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में अधिकारियों एवं फील्ड ट्रेनरों को डिजिटल जनगणना प्रक्रिया, स्व गणना सुविधा तथा आंकड़ों की सटीकता से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई।

सोलन

जनगणना को बताया विकास का आधार

जनगणना कार्य निदेशालय हिमाचल प्रदेश की निदेशक दीप शिखा शर्मा ने कार्यक्रम के समापन अवसर पर कहा कि जनगणना देश की प्रगति और विकास योजनाओं के संचालन का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा कि सही आंकड़े विभिन्न स्तरों पर वित्तीय प्रबंधन, प्रशासनिक योजना निर्माण तथा पात्र व्यक्तियों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने में सहायक सिद्ध होते हैं। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से जनगणना कार्य को गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न करने का आग्रह किया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में दी गई विस्तृत जानकारी

दीप शिखा शर्मा ने कहा कि जनगणना एक व्यापक प्रशासनिक प्रक्रिया है और प्रशिक्षित अधिकारी तथा कर्मचारी इसे व्यवस्थित रूप से संपन्न करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि जनगणना कार्य को बोझ न मानकर ज्ञान और अनुभव प्राप्त करने का माध्यम समझें। उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल फील्ड ट्रेनरों को सभी प्रक्रियाओं को विस्तार से समझने और भविष्य में प्रशिक्षण के दौरान इन्हें प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए प्रेरित किया।

जनगणना-2027 पूर्ण रूप से होगी डिजिटल

उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि लगभग 16 वर्ष के बाद आयोजित होने वाली जनगणना-2027 पूर्ण रूप से डिजिटल प्रक्रिया पर आधारित होगी। उन्होंने कहा कि इस बार पहली बार नागरिक स्वयं भी ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि स्व गणना की यह सुविधा लोगों के लिए उपयोगी होगी और इससे आंकड़ों के संकलन एवं प्रबंधन में भी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्रक्रिया के सफल संचालन के लिए फील्ड स्तर पर प्रशिक्षित कर्मचारियों की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।

फील्ड ट्रेनरों को दिए गए दिशा-निर्देश

उन्होंने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य को सुव्यवस्थित रूप से सम्पन्न करवाने के उद्देश्य से यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इस दौरान फील्ड ट्रेनरों को जनगणना की विभिन्न प्रक्रियाओं, डेटा संग्रहण, डिजिटल प्रणाली और रिपोर्टिंग संबंधी जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की शंका या तकनीकी जानकारी के लिए मास्टर ट्रेनरों से संपर्क किया जा सकता है, ताकि आगामी प्रक्रिया को बिना किसी कठिनाई के पूरा किया जा सके।

कार्यक्रम में अधिकारी और कर्मचारी रहे उपस्थित

इस अवसर पर उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने जनगणना कार्य की प्रशासनिक उपयोगिता तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं और नीतियों में इसकी भूमिका पर जानकारी दी। कार्यक्रम में जिला राजस्व अधिकारी नीरजा शर्मा, संयुक्त निदेशक आशीष चौहान, जिला नोडल अधिकारी सोलन प्रसून कुमार वर्मा, जिला मुख्यालय सोलन जनगणना प्रभारी कोमल गर्ग एवं प्रियंका सहित 38 फील्ड ट्रेनर उपस्थित रहे।

Related Topics: