NDPS / सोलन पुलिस ने चिट्टा तस्करी गिरोह का किया खुलासा, पंजाब से मुख्य सप्लायर गिरफ्तार
Himachalnow / सोलन
NDPS : सोलन पुलिस ने चिट्टा तस्करी से जुड़े एक गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 12.48 ग्राम चिट्टा और नकदी बरामद की है, जबकि मामले में पंजाब से मुख्य सप्लायर को भी गिरफ्तार किया गया है।
सोलन
एसआईयू टीम ने पार्किंग में की कार्रवाई
सोलन पुलिस की एसआईयू टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चिट्टा तस्करी से जुड़े एक गिरोह का खुलासा किया है। जानकारी के अनुसार 5 मई 2026 को पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर विवंता मॉल की पार्किंग में दबिश दी। इस दौरान एक टीयूवी वाहन में बैठे तीन युवकों को जांच के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से 7.07 ग्राम चिट्टा और 29 हजार रुपये नकद बरामद किए।पुलिस ने मौके पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान देवेंदर बत्ता निवासी सोलन, तेज सिंह निवासी कसौली तथा शुभम ठाकुर निवासी शिमला के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ पुलिस थाना सदर सोलन में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ में सामने आया सप्लाई नेटवर्क
अगले दिन आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया। पुलिस द्वारा पूछताछ और तकनीकी जांच के दौरान यह जानकारी सामने आई कि बरामद चिट्टा जीरकपुर से लाया गया था। इसके बाद पुलिस टीम ने मामले में आगे कार्रवाई करते हुए मुख्य सप्लायर की तलाश शुरू की।जांच के दौरान पुलिस ने पंजाब के जीरकपुर क्षेत्र से मुख्य सप्लायर मनदीप को गिरफ्तार किया। आरोपी हरियाणा के कैथल जिले का रहने वाला बताया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 5.41 ग्राम चिट्टा भी बरामद किया है।
पहले भी दर्ज हैं आपराधिक मामले
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में से दो आरोपी पहले भी विभिन्न मामलों में संलिप्त रह चुके हैं। पुलिस के अनुसार देवेंदर बत्ता के खिलाफ पहले से दो मामले दर्ज हैं, जबकि तेज सिंह के खिलाफ हिमाचल प्रदेश और हरियाणा में चिट्टा तस्करी समेत कुल नौ मामले दर्ज बताए गए हैं।
मामले की जांच जारी
सोलन पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस द्वारा सप्लाई नेटवर्क और अन्य संभावित संपर्कों की जांच की जा रही है।