Loading...

NDPS / सोलन में चिट्टा तस्करी मामले में पंजाब से सप्लायर गिरफ्तार, पहले भी PIT NDPS में बंद रह चुका आरोपी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन2 • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Himachalnow / सोलन

NDPS : कंडाघाट पुलिस ने 18.16 ग्राम चिट्टा बरामदगी मामले में पंजाब से एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान बैंक ट्रांजेक्शन, QR कोड भुगतान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सप्लाई नेटवर्क का खुलासा हुआ है।

सोलन

18 ग्राम चिट्टा मामले में दूसरा आरोपी गिरफ्तार

सोलन जिले के कंडाघाट थाना क्षेत्र में दर्ज एनडीपीएस मामले में पुलिस ने पंजाब से एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 27 अप्रैल 2026 की रात गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए नरेश कुमार उर्फ निशु (40), निवासी गांव सिरीनगर, तहसील कंडाघाट से 18.16 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई थी। आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया था, जहां से उसे पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया।

जांच में सामने आई सप्लाई चेन

पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ, बैंक खातों की ट्रांजेक्शन डिटेल और तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण में पता चला कि बरामद चिट्टा 32 हजार रुपये में खरीदा गया था। जांच में सामने आया कि भुगतान QR कोड के माध्यम से किया गया था। इसके बाद पुलिस ने मामले की बैकवर्ड लिंकेज की जांच शुरू की, जिसमें दूसरे आरोपी बंटी (26), निवासी फामड़ा, जिला लुधियाना (पंजाब) की संलिप्तता सामने आई।

पंजाब में दबिश देकर की गिरफ्तारी

जांच के दौरान मिली जानकारी के आधार पर कंडाघाट पुलिस टीम ने पंजाब के राजपुरा क्षेत्र में दबिश दी और 6 मई 2026 को आरोपी बंटी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी को अदालत में पेश कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। मामले में सप्लाई नेटवर्क और अन्य संभावित संपर्कों की भी जांच जारी है।

पहले भी दर्ज हैं कई मामले

एसपी सोलन टीएसडी वर्मा ने बताया कि जांच में यह भी सामने आया है कि नरेश कुमार उर्फ निशु लंबे समय से कंडाघाट और वाकनाघाट क्षेत्र में युवाओं और छात्रों को चिट्टा/हेरोइन की सप्लाई कर रहा था। आरोपी के खिलाफ पहले से चिट्टा तस्करी के चार मामले दर्ज हैं, जिनमें कुल 20.71 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हो चुकी है। इसके अलावा उसके खिलाफ मारपीट का एक मामला भी दर्ज है।

PIT NDPS में रह चुका है बंद

पुलिस के अनुसार आरोपी को 7 दिसंबर 2025 को PIT NDPS एक्ट 1988 की धारा 3(1) के तहत तीन माह की निवारक हिरासत में भी रखा गया था। जिला जेल सोलन से रिहा होने के बाद आरोपी दोबारा नशा तस्करी गतिविधियों में सक्रिय पाया गया। वहीं दूसरे आरोपी बंटी के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।

Related Topics: