सोलन में शमलेच टनल के पास खाई में गिरी कार, दो लोग गंभीर घायल
सोलन में चंडीगढ़-शिमला राष्ट्रीय उच्च मार्ग-5 पर बुधवार को शमलेच टनल के समीप एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में गिर गई। हादसे में कार सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए पुलिस को दुर्घटना की सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे दोनों घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से क्षेत्रीय अस्पताल सोलन पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। दोनों की हालत गंभीर बताई गई है।
हादसे के कारणों की जांच शुरू
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन का नियंत्रण खोना हादसे का कारण माना जा रहा है। हालांकि, वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को खाई से निकालने की कार्रवाई भी की जा रही है। हादसे के कारण कुछ समय तक राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया। पुलिस ने वाहन चालकों से बरसात के मौसम में पहाड़ी मार्गों पर सावधानी से वाहन चलाने और तेज गति से बचने की अपील की है।