Loading...

Special Educator / स्पेशल एजुकेटर भर्ती परीक्षा का परिणाम जारी, 469 अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 2 Aug 2026 • 1 Min Read

Special Educator / हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने शिक्षा विभाग में स्पेशल एजुकेटर के पदों पर भर्ती के लिए आयोजित कंप्यूटर आधारित स्क्रीनिंग टेस्ट (सीबीटी) का परिणाम घोषित कर दिया है। आयोग ने कुल 191 पदों के लिए 469 अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए शॉर्टलिस्ट किया है। सफल अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथियों पर आयोग परिसर में आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना होगा।

हमीरपुर

आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि स्पेशल एजुकेटर (प्री-प्राइमरी से पांचवीं कक्षा) के 108 पदों के लिए पोस्ट कोड 25022 के तहत आयोजित परीक्षा में सफल 290 अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन 20 अगस्त को सुबह 10 बजे किया जाएगा। वहीं स्पेशल एजुकेटर (छठी से बारहवीं कक्षा) के 83 पदों के लिए पोस्ट कोड 25023 के तहत चयनित 179 अभ्यर्थियों को 26 अगस्त सुबह 10 बजे आयोग परिसर में दस्तावेज सत्यापन के लिए उपस्थित होना होगा।

ई-मेल के माध्यम से मिलेगी सूचना

आयोग ने स्पष्ट किया है कि दस्तावेज सत्यापन के लिए अलग से कॉल लेटर जारी नहीं किए जाएंगे। सभी पात्र अभ्यर्थियों को उनके पंजीकृत ई-मेल पते पर सूचना भेजी जाएगी। इसलिए अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय-समय पर अपना ई-मेल अवश्य जांचते रहें, ताकि किसी भी महत्वपूर्ण सूचना से वंचित न रहें।

दस्तावेज सत्यापन के दौरान ये प्रमाण पत्र होंगे जरूरी

दस्तावेज सत्यापन के समय सभी मूल शैक्षणिक एवं अन्य आवश्यक प्रमाण-पत्र, उनकी स्व-प्रमाणित फोटो प्रतियों के दो-दो सेट, आवेदन पत्र की डाउनलोड की गई प्रति तथा एक वैध पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। आयोग ने कहा है कि निर्धारित तिथि और समय पर अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों को दोबारा अवसर नहीं दिया जाएगा।

Related Topics: