10 जून को प्रदेशभर में 200 से अधिक स्थानों पर प्रधानमंत्री मोदी के लिए विशेष पूजा-अर्चना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने के अवसर पर भाजपा प्रदेशभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगी। 10 जून को हिमाचल प्रदेश के 200 से अधिक स्थानों पर पूजा-अर्चना, हवन, आरती और प्रार्थना सभाओं का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रमों में प्रधानमंत्री मोदी के दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और राष्ट्रसेवा के संकल्प की सफलता के लिए प्रार्थना की जाएगी।
शिमला
भारतीय जनता पार्टी 10 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने के अवसर पर प्रदेशभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगी। भाजपा प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल ने बताया कि इस ऐतिहासिक उपलब्धि के उपलक्ष्य में हिमाचल प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों, मंडलों और शक्ति केंद्रों में 200 से अधिक स्थानों पर पूजा-अर्चना, हवन, प्रार्थना सभाएं, आरती और महाआरती का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में समर्थक भाग लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और राष्ट्रसेवा के उनके संकल्प की सफलता के लिए प्रार्थना करेंगे।संजीव कटवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसान हित और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं से करोड़ों लोगों को लाभ मिला है और भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा भी मजबूत हुई है उन्होंने प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों से इन कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। कटवाल ने बताया कि सभी कार्यक्रमों की रिपोर्ट और छायाचित्र पार्टी मुख्यालय को भेजे जाएंगे, ताकि इस अवसर को स्मरणीय बनाया जा सके।