Loading...

चोरी की स्कूटी त्वरित कार्रवाई में बरामद, अंबाला से किशोर को पकड़ने में नाहन पुलिस को सफलता

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 6 Hours Ago • 1 Min Read

नाहन में दुकान के बाहर से चोरी हुई स्कूटी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हरियाणा के अंबाला से बरामद कर लिया है। मामले में पुलिस ने एक बाल अपचारी को काबू किया है, जिसकी निशानदेही पर चोरी की गई स्कूटी बरामद हुई। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

नाहन

पुलिस थाना सदर नाहन की पुलिस चौकी गुन्नुघाट के अंतर्गत 27 जुलाई 2026 को महिमा लाइब्रेरी के समीप नया बाजार निवासी 58 वर्षीय अजय सिंगला ने शिकायत दर्ज करवाई कि 25 जुलाई की रात उनकी दुकान ‘सिंगला सेल्फ स्टोर’ के बाहर खड़ी स्कूटी (एचपी18सी-5734) चोरी हो गई है। शिकायतकर्ता द्वारा सीसीटीवी फुटेज देखने पर एक अज्ञात व्यक्ति रात के समय स्कूटी चोरी कर ले जाता हुआ दिखाई दिया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अभियोग संख्या 139/26 धारा 303(2) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

अंबाला में चलाया गया विशेष तलाशी अभियान

मामले की जांच के लिए अन्वेषण अधिकारी रणबीर सिंह, हेड कांस्टेबल अरुण कुमार तथा कांस्टेबल चमन लाल की विशेष टीम को हरियाणा के अंबाला रवाना किया गया। पुलिस टीम ने अंबाला रेलवे स्टेशन और जीआरपी क्षेत्र में गहन तलाशी अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस ने इस चोरी की वारदात में संलिप्त एक किशोर को काबू करने में सफलता हासिल की।

बाल अपचारी की निशानदेही पर स्कूटी बरामद

पुलिस पूछताछ के दौरान किशोर की निशानदेही पर अंबाला रेलवे स्टेशन से लगभग 500 मीटर आगे अंबाला-चंडीगढ़ रोड हाईवे से चोरी की गई स्कूटी बरामद कर ली गई। पुलिस ने बरामद वाहन को कब्जे में लेकर मामले की आगामी वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Topics: