आंगनवाड़ी केंद्र काशीपुर-2 में समर मेला आयोजित, 15 बच्चों के विकास का किया गया आकलन
ऊना जिले के स्थानीय पंचायत आंगनवाड़ी केंद्र काशीपुर-2 में समर मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के शुरुआती विकास की जांच करना और उनके शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक व सामाजिक विकास का आकलन करना था। इस दौरान मेले में शामिल 15 बच्चों के विकास के विभिन्न पहलुओं का बारीकी से मूल्यांकन किया गया। कार्यक्रम ‘प्रथम’ संस्था और जिला कार्यक्रम अधिकारी ऊना की देखरेख में संचालित किया गया।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
समर मेले के दौरान बच्चों के समग्र विकास पर विशेष फोकस रखा गया। आयोजन में मौजूद अधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बच्चों की शुरुआती सीखने की क्षमता, व्यवहार, स्वास्थ्य और अन्य विकास संबंधी पहलुओं का अवलोकन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य यह भी रहा कि अभिभावकों और स्थानीय समुदाय को बच्चों के शुरुआती वर्षों में सही देखभाल, पोषण और विकास की जरूरतों के प्रति जागरूक किया जाए।
प्रशासनिक अधिकारियों ने दी योजनाओं की जानकारी
इस अवसर पर जिला बाल संरक्षण अधिकारी कमलदीप, पोषण अभियान से मंसूर खान, वृत्त पर्यवेक्षक कमल जीत, स्थानीय आशा वर्कर्स और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहीं। कार्यक्रम के दौरान जिला बाल संरक्षण अधिकारी कमलदीप ने बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और उज्ज्वल भविष्य से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने उपस्थित लोगों से इन योजनाओं का लाभ उठाने और बच्चों के विकास से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी करने का आग्रह भी किया।