पूर्व उपप्रधान सुरेंद्र सिंह ठाकुर का हृदयाघात से निधन, क्षेत्र में शोक
विकास खंड संगड़ाह की लुधियाना पंचायत के पूर्व उपप्रधान सुरेंद्र सिंह ठाकुर का हृदयाघात से आकस्मिक निधन हो गया। करीब 49 वर्षीय सुरेंद्र सिंह की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद परिजन उन्हें मध्यरात्रि संगड़ाह अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके निधन की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
सिरमौर/संगड़ाह
सुरेंद्र सिंह ठाकुर लुधियाना पंचायत के उपप्रधान के रूप में सेवाएं दे चुके थे और स्थानीय स्तर पर सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय रहते थे। प्रधान परिषद संगड़ाह के पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र ठाकुर, लुधियाना पंचायत के प्रधान पृथ्वी सिंह और उपप्रधान सुरजन सिंह सहित अन्य पंचायत प्रतिनिधियों तथा स्थानीय लोगों ने उनके निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सुरेंद्र सिंह ठाकुर के आकस्मिक निधन से क्षेत्र ने एक मिलनसार और सामाजिक व्यक्ति को खो दिया है।
रविवार को सुरेंद्र सिंह ठाकुर का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव में किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, पंचायत प्रतिनिधि और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। अंतिम संस्कार में शामिल लोगों ने उन्हें अंतिम विदाई दी और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की। उनके निधन से लुधियाना पंचायत के साथ ही संगड़ाह क्षेत्र में भी शोक का माहौल रहा।