Loading...

सोलन से भाजपा को मिल रहे लगातार राजनीतिक संकेत, बीडीसी चुनाव नतीजों पर बोले सुरेश कश्यप

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 9 Hours Ago • 1 Min Read

सांसद सुरेश कश्यप ने बीडीसी चुनाव परिणामों को प्रदेश में बदलते राजनीतिक रुझानों का संकेत बताया है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की जीत जनता के बढ़ते विश्वास और कांग्रेस सरकार के प्रति नाराजगी को दर्शाती है। चायल मेले में पहुंचे कश्यप ने पंचायत प्रतिनिधियों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए सरकार पर भी निशाना साधा।

सोलन

सोलन के चायल में आयोजित ऐतिहासिक बाबा सिद्ध चायल मेले में पहुंचे भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप ने धार्मिक मंच से प्रदेश की राजनीति पर भी बड़ा बयान दिया। बीडीसी चुनावों के सामने आ रहे परिणामों को लेकर उन्होंने दावा किया कि प्रदेशभर में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की जीत जनता के बदलते राजनीतिक रुझान का संकेत है।मीडिया से बातचीत में सुरेश कश्यप ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बीडीसी अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों पर भाजपा समर्थित उम्मीदवार लगातार जीत दर्ज कर रहे हैं। यह जनता के भाजपा के प्रति बढ़ते विश्वास और कांग्रेस सरकार के प्रति बढ़ती नाराजगी का स्पष्ट प्रमाण है।

उन्होंने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पंचायत प्रतिनिधियों, प्रधानों और बीडीसी सदस्यों की लगातार अनदेखी की गई है। कश्यप ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री स्वयं सार्वजनिक मंचों पर इस बात को स्वीकार कर चुके हैं कि पंचायत प्रतिनिधियों को अपेक्षित सम्मान और सहयोग नहीं मिल पाया।सांसद ने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के साढ़े तीन वर्ष के कार्यकाल के बाद जनता का भरोसा कमजोर हुआ है और इसका असर अब स्थानीय निकायों व पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में दिखाई देने लगा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भाजपा प्रदेश में और अधिक मजबूती के साथ उभरेगी।

इससे पहले सांसद सुरेश कश्यप ने चायल में आयोजित ऐतिहासिक बाबा सिद्ध चायल मेले में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने बाबा सिद्ध के दरबार में माथा टेककर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मेले में आयोजित खेल प्रतियोगिताओं और पारंपरिक दंगल के विजेताओं को भी सम्मानित किया।कश्यप ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल युवा शक्ति को सकारात्मक दिशा देने का सबसे सशक्त माध्यम हैं और युवाओं को खेल गतिविधियों से निरंतर जुड़े रहना चाहिए।हालांकि राजनीतिक गलियारों में सांसद का बीडीसी चुनाव परिणामों को लेकर दिया गया बयान अधिक चर्चा में रहा, जिसमें उन्होंने स्थानीय चुनावी नतीजों को प्रदेश की बदलती राजनीतिक तस्वीर का संकेत बताया।