Surya Grahan 2023: कल लगेगा साल का पहला सूर्य ग्रहण
साल का पहला सूर्य ग्रहण 20 अप्रैल 2023 गुरुवार यानी कल लगने जा रहा है। बता दें यह सूर्य ग्रहण सुबह 07 बजकर 05 मिनट से लेकर दोपहर 12 बजकर 39 मिनट तक रहेगा। यह सूर्य ग्रहण अश्विनी नक्षत्र में लगेगा, जो कि केतु का नक्षत्र है।
सूर्य ग्रहण तब होता है जब पृथ्वी और सूर्य के बीच चंद्रमा आ जाता है, जिससे सूर्य की दृष्टि पूरी तरह या आंशिक रूप से अवरुद्ध हो जाती है। इस बार सूर्य ग्रहण मेष राशि में रहेगा।
ये सूर्य ग्रहण बेहद खास रहने वाला है क्योंकि सूर्य ग्रहण मेष राशि में 19 साल बाद लगने जा रहा है। साथ ही ये सूर्य ग्रहण हाइब्रिड होगा क्योंकि यह तीन रूपों में दिखेगा। इनमें आंशिक, पूर्ण और कुंडलाकार सूर्य ग्रहण शामिल होंगे।
कहां दिखाई देगा सूर्य ग्रहण
20 अप्रैल को पड़ने वाला सूर्य ग्रहण दक्षिणी प्रशांत महासागर के देशों जैसे चीन, अमेरिका, माइक्रोनेशिया, मलेशिया, फिजी, जापान, समोआ, सोलोमन, बरूनी, सिंगापुर, थाईलैंड, अंटार्कटिका, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, वियतनाम, ताइवान, पापुआ न्यू गिनी, इंडोनेशिया, फिलीपींस, दक्षिण हिंद महासागर में दिखाई देगा।
इस सूर्य ग्रहण का सूतक काल मान्य नहीं होगा
साल 2023 का यह पहला सूर्य ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देने के कारण इसका सूतककाल मान्य नहीं होगा। शास्त्रों के अनुसार जहां-जहां पर ग्रहण का असर होता है वहां पर सूतक काल प्रभावी माना जाता है। इस कारण से भारत में सूतक काल प्रभावी नहीं होगा।
सूर्य ग्रहण के दौरान सूतक काल ग्रहण के लगने के 12 घंटे पहले शुरू हो जाता है और ग्रहण की समाप्ति तक रहता है। 20 अप्रैल के बाद साल का दूसरा ग्रहण 14 अक्टूबर को होगा। इस ग्रहण को भी भारत में नहीं देखा जा सकता है।