Loading...

टांडा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पानी की आपूर्ति प्रभावित, इलेक्टिव सर्जरी अस्थायी रूप से स्थगित

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

टांडा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में साफ और ट्रीटेड पानी की आपूर्ति प्रभावित होने के कारण इलेक्टिव सर्जरी अस्थायी रूप से स्थगित की गई हैं। अस्पताल प्रशासन के अनुसार आपातकालीन, जीवनरक्षक एवं अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं पूर्ववत संचालित की जा रही हैं।

कांगड़ा

पानी की आपूर्ति प्रभावित होने से लिया गया निर्णय

डॉ. राजेंद्र प्रसाद गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीआरपीजीएमसी), टांडा प्रशासन ने जानकारी दी है कि साफ और ट्रीटेड पानी की आपूर्ति बाधित होने के कारण फिलहाल केवल आपातकालीन और जीवनरक्षक सर्जरी ही की जाएंगी। इलेक्टिव (गैर-आपातकालीन) सर्जरी को अगली सूचना तक स्थगित किया गया है।

स्टरलाइजेशन प्रक्रिया पर पड़ा प्रभाव

अस्पताल प्रशासन द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार शुक्रवार शाम से पानी की आपूर्ति प्रभावित है। एनेस्थीसिया विभाग ने बताया कि पर्याप्त ट्रीटेड पानी उपलब्ध न होने से ऑटोक्लेविंग के माध्यम से सर्जिकल उपकरणों का मानक अनुसार स्टरलाइजेशन संभव नहीं हो पा रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए मरीजों की सुरक्षा और निर्धारित चिकित्सा मानकों के अनुसार यह निर्णय लिया गया है।

प्रभावित मरीजों को दी जाएगी नई तिथि

अस्पताल प्रशासन ने सभी सर्जिकल विभागों को निर्देश दिए हैं कि जिन मरीजों की इलेक्टिव सर्जरी स्थगित हुई है, उन्हें इसकी सूचना दी जाए तथा सामान्य सेवाएं बहाल होने के बाद नई तिथि उपलब्ध कराई जाए।

जल शक्ति विभाग से किया संपर्क

अस्पताल प्रशासन ने जल शक्ति विभाग के समक्ष मामले को उठाते हुए साफ और उपचारित पानी की नियमित आपूर्ति शीघ्र बहाल करने का अनुरोध किया है। प्रशासन ने बताया कि ओपीडी, भर्ती मरीजों की सेवाएं, लेबर रूम, आईसीयू, आपातकालीन चिकित्सा तथा अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं। पानी की आपूर्ति बहाल होने और स्टरलाइजेशन प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियमित सर्जिकल सेवाएं पुनः शुरू की जाएंगी।