Loading...

थुलेल में अंडर-19 कन्या खेलकूद प्रतियोगिता शुरू, स्कूल को एक करोड़ रुपये जारी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 9 Hours Ago • 1 Min Read

चंबा जिले के भटियात जोन की तीन दिवसीय अंडर-19 कन्या खेलकूद प्रतियोगिता 6 सितंबर को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय थुलेल में शुरू हुई। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल के तहत चयनित इस विद्यालय की ढांचागत व्यवस्थाएं मजबूत करने के लिए टोकन बजट के रूप में एक करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।

चंबा/चुवाड़ी

प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने खिलाड़ियों के मार्च पास्ट की सलामी ली और ध्वज फहराया। उन्होंने प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन में शिक्षा के साथ खेल और अन्य गतिविधियों का भी विशेष महत्व है। ऐसी गतिविधियां व्यक्तित्व निर्माण, नेतृत्व क्षमता और उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करने के साथ विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी उपयोगी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों और युवाओं से खेलों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।

डाइट मनी का मामला सरकार के समक्ष उठाने का आश्वासन

कुलदीप सिंह पठानिया ने प्रारंभिक और उच्च शिक्षा वर्ग के खिलाड़ियों की डाइट मनी में समानता लाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों से जुड़े इस विषय को मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री के समक्ष उठाया जाएगा तथा उचित समाधान सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। अपने संबोधन में उन्होंने भटियात विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों और उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी विशेष प्राथमिकता है।

विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि चंबा जिले के विभिन्न क्षेत्रों की तुलना में भटियात विधानसभा क्षेत्र का सड़क घनत्व 99.01 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बुनियादी ढांचागत सुविधाओं के साथ शिक्षण संस्थानों की भी कमी नहीं है। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय थुलेल में भविष्य में अत्याधुनिक भवन का निर्माण किया जाएगा और राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल के तहत निर्धारित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में काम किया जाएगा।

विद्यालय में जिम के लिए 50 हजार रुपये की घोषणा

कुलदीप सिंह पठानिया ने विद्यालय परिसर में जिम स्थापित करने के लिए 50 हजार रुपये देने की भी घोषणा की। कार्यक्रम के दौरान उपनिदेशक स्कूल शिक्षा और खेलकूद आयोजन समिति ने विधानसभा अध्यक्ष को शॉल, टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रदेश हज कमेटी के अध्यक्ष दिलदार अली बट्ट, राज्य वन निगम निदेशक मंडल के सदस्य चेला कृष्ण चंद, जिला परिषद सदस्य कुसुम लता और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में उपमंडलाधिकारी मनीष सोनी, उप पुलिस अधीक्षक मयंक शर्मा, उपनिदेशक स्कूल शिक्षा विकास महाजन, तहसीलदार सुरेंद्र कुमार, वन मंडल अधिकारी डॉ. कुलदीप जमवाल, खंड विकास अधिकारी अनिल गुराडा, अधिशासी अभियंता राकेश ठाकुर और नरेंद्र चौधरी भी उपस्थित रहे। इनके अलावा पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों तथा क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने भी प्रतियोगिता के शुभारंभ कार्यक्रम में भाग लिया।

Related Topics: