Loading...

दिसंबर में बंगाणा में होगा पारंपरिक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन, युवाओं को नशे और मोबाइल की लत से दूर रखने की अनूठी पहल

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 15 Nov 2026 • 1 Min Read

ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने और युवाओं को नशे तथा मोबाइल फोन की बढ़ती लत से दूर कर खेलों के प्रति आकर्षित करने के उद्देश्य से दिसंबर माह में बंगाणा में पारंपरिक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के युवाओं को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। इसके साथ ही युवा क्लबों, महिला मंडलों, स्वयं सहायता समूहों तथा स्कूली बच्चों को भी अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

यह जानकारी भाजपा खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक एवं हिमाचल प्रदेश कुश्ती संघ के अध्यक्ष रजिन्दर डिंपल ने बंगाणा में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों और मोबाइल फोन के अत्यधिक इस्तेमाल से दूर रखना बेहद जरूरी है। खेल एक ऐसा सशक्त माध्यम है, जो युवाओं को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ-साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, प्रतिस्पर्धा और टीम भावना का विकास करता है।

रजिन्दर डिंपल ने कहा कि जब से केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनी है, तब से देश में खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार सकारात्मक प्रयास किए जा रहे हैं। केंद्र सरकार की खेल हितैषी नीतियों और योजनाओं से देश में खेल संस्कृति को नई पहचान मिली है। ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे लाने तथा उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पारंपरिक खेल हमारी संस्कृति और विरासत का अहम हिस्सा हैं। इन खेलों के आयोजन से जहां पुरानी खेल परंपराओं को पुनर्जीवित करने का अवसर मिलेगा, वहीं युवा पीढ़ी को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक बेहतर मंच भी प्राप्त होगा। प्रतियोगिताओं में अधिक से अधिक युवाओं और ग्रामीण संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने क्षेत्र के युवा क्लबों, महिला मंडलों, स्वयं सहायता समूहों, स्कूलों और खेल प्रेमियों से इस आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य खेलों के माध्यम से स्वस्थ, नशामुक्त और जागरूक समाज का निर्माण करना है।

इस अवसर पर सुदर्शन शर्मा और कुलदीप शर्मा सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे।

Related Topics: • •