जनजातीय क्षेत्रों का बिजली ढांचा होगा मजबूत, 66 केवी लाइन और रंगरिक सौर परियोजना पर काम तेज
प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था मजबूत करने के लिए पूह-समदो और समदो-काजा के बीच निर्माणाधीन 66 केवी ट्रांसमिशन लाइन का काम तेज किया जाएगा। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने ऊर्जा विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्माण में तेजी लाने के साथ रंगरिक की दो मेगावाट क्षमता वाली सौर ऊर्जा परियोजना को बर्फबारी शुरू होने से पहले कार्यशील बनाने के निर्देश दिए।
शिमला
मुख्यमंत्री ने समीक्षा बैठक के दौरान पूह से समदो और समदो से काजा तक बनाई जा रही 66 केवी ट्रांसमिशन लाइन की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इस लाइन का निर्माण कार्य तेजी से पूरा किया जाए। इस विद्युत ढांचे के तैयार होने से प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में काम आगे बढ़ेगा।
रंगरिक सौर परियोजना की प्रगति की समीक्षा
बैठक में रंगरिक में स्थापित की जा रही दो मेगावाट क्षमता वाली सौर ऊर्जा परियोजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। परियोजना में एक मेगावाट आवर क्षमता की बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली स्थापित की गई है। मुख्यमंत्री ने इसे बर्फबारी से पहले कार्यशील बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि सर्दियों और बर्फबारी के दौरान भी परियोजना सुचारू रूप से चलनी चाहिए, ताकि क्षेत्र के लोगों को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।