UGC NET 2026: इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी का री-एग्जाम कराएगा NTA
UGC NET 2026: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी विषय की दोबारा परीक्षा कराएगी। इन तीनों विषयों के प्रश्नपत्रों को लेकर शिकायतें मिलने के बाद एनटीए ने जांच के लिए एक समिति बनाई थी। समिति को प्रश्नपत्रों में तथ्यात्मक, टाइपिंग और अनुवाद संबंधी कई गलतियां मिलीं, जिसके बाद री-एग्जाम कराने का फैसला लिया गया।
दिल्ली
इंग्लिश विषय की परीक्षा 9 सितंबर को पहली पाली में सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक होगी। कॉमर्स की परीक्षा इसी दिन दूसरी पाली में दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक कराई जाएगी। सोशियोलॉजी का पेपर 10 सितंबर को पहली पाली में सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक होगा। इन विषयों के अभ्यर्थियों से दोबारा परीक्षा के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
अन्य विषयों के परिणाम में नहीं होगी देरी
एनटीए के अनुसार, 84 अन्य विषयों के परिणाम निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी किए जाएंगे और तीन विषयों के री-एग्जाम के कारण उनके नतीजों में देरी नहीं होगी। दोबारा परीक्षा के बाद असिस्टेंट प्रोफेसर और पीएचडी पात्रता के लिए विषयवार सीट आवंटन में पहले से तय संख्या कम नहीं की जाएगी। इससे पहले इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी की प्रोविजनल आंसर-की जारी नहीं की गई थी, जबकि बाकी विषयों की आंसर-की उपलब्ध करा दी गई थी।
जून में हुई थी परीक्षा
UGC-NET जून 2026 की परीक्षा 22 से 30 जून के बीच आयोजित की गई थी। कॉमर्स का पेपर 24 जून, इंग्लिश का 25 जून और सोशियोलॉजी का पेपर 30 जून को हुआ था। एनटीए ने 84 विषयों की प्रोविजनल आंसर-की जारी कर उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट पर अपने दर्ज जवाब देखने की सुविधा दी है। अभ्यर्थियों को 18 अगस्त 2026 की रात 11:59 बजे तक आंसर-की को चुनौती देने का अवसर भी दिया गया है।
