Loading...

अधूरे पंचायती राज भवन का जल्द पूरा होगा निर्माण, प्रशिक्षण केंद्र के रूप में किया जाएगा उपयोग : विवेक शर्मा

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 46 Mins Ago • 1 Min Read

कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं राज्य कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता विवेक शर्मा ने बसाल में निर्माणाधीन पंचायती राज भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भवन के निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से शेष कार्य को शीघ्र पूरा करने को लेकर आवश्यक जानकारी ली।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि पंचायती राज संस्थाएं ग्रामीण विकास की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और पंचायत प्रतिनिधियों को बेहतर प्रशिक्षण एवं सुविधाएं उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बसाल में अधूरे पड़े पंचायती राज भवन का शेष निर्माण कार्य जल्द पूरा करवाया जाएगा, जिसके बाद इसका उपयोग पंचायत प्रतिनिधियों के प्रशिक्षण सहित अन्य आवश्यक गतिविधियों के लिए किया जाएगा।

उन्होंने पूर्व सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले कार्यकाल में पर्याप्त बजट, स्टाफ और आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था किए बिना कई भवनों का निर्माण कर दिया गया। केवल भवन खड़ा कर देना ही विकास नहीं है, बल्कि उस भवन को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए पर्याप्त बजट, स्टाफ और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना भी उतना ही जरूरी है।

विवेक शर्मा ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार अधूरे पड़े विकास कार्यों को पूरा करने को प्राथमिकता दे रही है, ताकि सरकारी धन का सदुपयोग हो और लोगों को इन परियोजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, शिक्षा सहित विभिन्न विकास कार्यों को भी गति प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधि पूरी गंभीरता से कार्य कर रहे हैं। आने वाले समय में कुटलैहड़ क्षेत्र में लंबित विकास कार्यों को पूरा करवाकर लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के प्रयास जारी रहेंगे।

Related Topics: • •