Loading...

ऊना डिपो से ई-बस सेवा शुरू, जिले को आवंटित हुईं 50 इलेक्ट्रिक बसें

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सोमवार को ऊना बस अड्डा परिसर से ऊना डिपो की पांच नई इलेक्ट्रिक बसों को सांकेतिक रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनमें ऊना से डेरा बाबा रुद्रानंद धाम के लिए शुरू की गई नई ई-बस सेवा भी शामिल है। जिला ऊना को कुल 50 इलेक्ट्रिक बसें आवंटित की गई हैं, जिन्हें ग्रामीण क्षेत्रों में भी संचालित किया जाएगा।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल में पर्यावरण अनुकूल, आधुनिक और टिकाऊ सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में प्रदेशभर में 297 इलेक्ट्रिक बसें शामिल की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र को एक साथ करीब सवा सौ इलेक्ट्रिक बसें मिली हैं। इसके तहत ऊना को 50, हमीरपुर को 35, बिलासपुर को 20 और देहरा को 10 बसें आवंटित की गई हैं।

हरोली में प्रदेश के पहले ई-बस डिपो से संचालन शुरू होने के बाद अब ऊना डिपो से भी इलेक्ट्रिक बस सेवा आरंभ हो गई है। इन बसों को विशेष रूप से उन ग्रामीण क्षेत्रों में चलाया जाएगा, जहां लंबे समय से बस सेवाओं की मांग की जा रही थी। उपमुख्यमंत्री के अनुसार इससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सुरक्षित, आरामदायक और पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा मिलेगी।

हरोली से चिंतपूर्णी के लिए ई-बस सेवा पहले ही शुरू की जा चुकी है। अब ऊना से डेरा बाबा रुद्रानंद धाम तक इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू होने से श्रद्धालुओं और अन्य यात्रियों को सुविधा मिलेगी।

चार्जिंग नेटवर्क तैयार

इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए चार्जिंग ढांचा भी तैयार किया गया है। ऊना बस अड्डे और रामपुर वर्कशॉप में दो-दो तथा अंब, हरोली और दुलैहड़ में एक-एक चार्जिंग स्टेशन स्थापित किया गया है।

पुराने बस अड्डे को सिटी सेंटर बनाने की घोषणा

उपमुख्यमंत्री ने ऊना के पुराने बस अड्डे को आधुनिक सिटी सेंटर के रूप में विकसित करने की घोषणा की। प्रस्तावित सिटी सेंटर में बेहतर पार्किंग, मल्टीप्लेक्स और नगर निगम कार्यालय का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए जल्द टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

उन्होंने बताया कि ऊना में एचआरटीसी का टायर री-ट्रेडिंग प्लांट भी स्थापित किया जाएगा। इसकी टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। यह प्लांट निगम की परिचालन लागत कम करने में भूमिका निभाएगा।

निजी बस चालकों और परिचालकों को मिलेगा प्रतीक्षालय

ई-बसों को रवाना करने के बाद उपमुख्यमंत्री ने एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय का दौरा किया और निजी बस ऑपरेटरों के प्रतिनिधियों की समस्याएं सुनीं। उनकी मांग पर ऊना बस अड्डे में निजी बसों के चालकों और परिचालकों के लिए प्रतीक्षालय के रूप में एक कमरा उपलब्ध कराने की घोषणा की गई।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक सतपाल सिंह रायजादा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष देशराज गौतम, राज्य परिवहन प्राधिकरण के सदस्य अशोक ठाकुर, निजी बस ऑपरेटर यूनियन के अध्यक्ष राजेश पराशर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रविंद्र सोहड़, उपायुक्त जतिन लाल, पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ, एचआरटीसी के मंडलीय प्रबंधक राजकुमार पाठक और क्षेत्रीय प्रबंधक विजय जोशी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।