Loading...

ऊना में नशामुक्ति अभियान तेज, 10 करोड़ लोगों को शपथ दिलाने का लक्ष्य

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

ऊना जिले के पेखूबेला स्थित इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन टर्मिनल में ब्रह्माकुमारीज़ ने नशामुक्ति प्रतिज्ञा कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें अधिकारियों और कर्मचारियों ने नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की शपथ ली। यह कार्यक्रम देशभर में 10 करोड़ लोगों को नशामुक्ति की प्रतिज्ञा दिलाने के लक्ष्य के तहत आयोजित किया गया।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ के संकल्प को मजबूत करने के उद्देश्य से देशभर में नशामुक्ति जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। ब्रह्माकुमारीज़ ने इस अभियान के तहत 10 करोड़ लोगों को नशामुक्ति की प्रतिज्ञा दिलाने का लक्ष्य तय किया है। शपथ लेने वाले लोगों का पूरा डाटा क्यूआर कोड के माध्यम से संकलित किया जा रहा है, जिसे भारत सरकार के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

कार्यक्रम में टर्मिनल में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लेकर नशे से दूर रहने का संकल्प लिया। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी बबिता बहन, अवधेश भाई, पदमदेव और अन्य सेवाधारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के आयोजन में सहभागिता के लिए टर्मिनल के मुख्य प्रबंधक राजेश सिन्हा ने ब्रह्माकुमारीज़ को प्रमाण पत्र भेंट कर सम्मानित किया। अभियान से जुड़े वक्ताओं ने स्वस्थ और मूल्यनिष्ठ जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया।

विभिन्न वर्गों को अभियान से जोड़ने का प्रयास

ब्रह्माकुमारीज़ के वक्ताओं ने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए कानूनों के साथ जागरूकता, आत्मसंयम, सकारात्मक सोच, जीवन मूल्यों और व्यापक जनभागीदारी की जरूरत है। अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों, युवाओं, शिक्षकों, महिलाओं, अभिभावकों, प्रशासनिक अधिकारियों और सामाजिक संगठनों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इसका उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों में नशामुक्त और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

कार्यक्रम में बताया गया कि ब्रह्माकुमारीज़ ने वर्ष 2025 में देशभर में 3 करोड़ 16 लाख लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई थी। इस वर्ष अभियान को और व्यापक बनाते हुए अधिक लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार स्वस्थ जीवनशैली, जनभागीदारी और युवा सशक्तिकरण के माध्यम से नशामुक्त एवं विकसित भारत के राष्ट्रीय संकल्प को मजबूत करना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।

Related Topics: