ऊना में घरों से जुटाया जाएगा ई-वेस्ट, 31 अक्तूबर तक विशेष अभियान
नगर निगम ऊना ने शहर में अनुपयोगी इलेक्ट्रॉनिक और विद्युत उपकरणों के सुरक्षित निस्तारण के लिए विशेष ई-वेस्ट संग्रहण अभियान शुरू किया है। यह अभियान 22 से 31 अक्तूबर तक चलेगा, जिसमें सफाई कर्मचारी घरों और प्रतिष्ठानों से इलेक्ट्रॉनिक कचरा एकत्रित करेंगे। निगम ने लोगों से ई-वेस्ट को सामान्य घरेलू कचरे से अलग रखने और संग्रहण के लिए कर्मचारियों को सौंपने की अपील की है।
ऊना/ऊना/वीरेंद्र बन्याल
नगर निगम आयुक्त पृथीपाल सिंह ने बताया कि निगम प्रत्येक माह की 10, 20 और 30 तारीख को सफाई कर्मचारियों के माध्यम से घरों से ई-वेस्ट एकत्रित करता है। इस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने और ज्यादा इलेक्ट्रॉनिक कचरे का उचित प्रबंधन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। निगम का प्रयास है कि अनुपयोगी उपकरणों का निर्धारित प्रक्रिया के तहत निस्तारण हो और शहर को स्वच्छ तथा पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में नागरिकों की भागीदारी बढ़े।
इन उपकरणों को सौंप सकेंगे शहरवासी
अभियान के दौरान एलईडी बल्ब, ट्यूबलाइट, खराब लाइटें, पुराने मोबाइल फोन, चार्जर, ईयरफोन, कंप्यूटर, की-बोर्ड, माउस, मॉनिटर, सीपीयू, लैपटॉप, टैबलेट और प्रिंटर सफाई कर्मचारियों को सौंपे जा सकते हैं। इसके अलावा खराब तार, केबल, प्लग, एक्सटेंशन बोर्ड, पुराने टेलीविजन, रेडियो, स्पीकर, रिमोट कंट्रोल, इलेक्ट्रॉनिक खिलौने, सर्किट बोर्ड, कंप्यूटर के पुर्जे, मिक्सर, टोस्टर, इलेक्ट्रिक केतली, पुराने राउटर, मॉडेम तथा अन्य अनुपयोगी विद्युत उपकरण भी अभियान के तहत एकत्रित किए जाएंगे।
सामान्य कचरे में न मिलाने की अपील
नगर निगम आयुक्त ने शहरवासियों से इलेक्ट्रॉनिक कचरे को सामान्य घरेलू कचरे में नहीं मिलाने और खुले स्थानों पर नहीं फेंकने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि ई-वेस्ट में मौजूद कुछ पदार्थों का अनुचित निस्तारण पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है, इसलिए इसे अलग रखना आवश्यक है। निगम ने लोगों से अभियान में भाग लेकर घरों और प्रतिष्ठानों में जमा अनुपयोगी इलेक्ट्रॉनिक एवं विद्युत उपकरण सफाई कर्मचारियों को सौंपने की अपील की है, ताकि उनका उचित प्रबंधन और निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।