Loading...

चंडीगढ़-मोरिंडा रेलखंड पर तकनीकी कार्य, सितंबर तक रद्द रहेंगी चार ट्रेनें

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

चंडीगढ़-मोरिंडा रेलखंड पर ट्रैक नवीनीकरण और तकनीकी कार्य के कारण ऊना तथा आसपास के क्षेत्रों से जुड़ी चार यात्री ट्रेनें सितंबर 2026 में अलग-अलग तारीखों तक रद्द रहेंगी। रेलवे की सूचना के अनुसार टीआरआर ब्लॉक जारी रहने से अंबाला कैंट-दौलतपुर चौक, दौलतपुर चौक-अंबाला कैंट, नंगल डैम-अंबाला और अंबाला-नंगल डैम रेल सेवाओं का संचालन प्रभावित होगा।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

रेलवे की ओर से जारी पत्र के अनुसार ट्रेन संख्या 74991 अंबाला कैंट-दौलतपुर चौक एक से आठ सितंबर तक रद्द रहेगी। ट्रेन संख्या 74992 दौलतपुर चौक-अंबाला कैंट का संचालन एक से नौ सितंबर तक नहीं होगा। इसके अलावा ट्रेन संख्या 64516 नंगल डैम-अंबाला और ट्रेन संख्या 64517 अंबाला-नंगल डैम को एक से 15 सितंबर 2026 तक रद्द रखने का निर्णय लिया गया है। चंडीगढ़-मोरिंडा सेक्शन में रेललाइन पर आवश्यक कार्य के लिए ब्लॉक लगाया गया है।

ट्रेन संख्या 74991 और 74992 ऊना, नंगल, आनंदपुर साहिब, रूपनगर, चंडीगढ़ और अंबाला के बीच यात्रा करने वाले दैनिक यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण सेवाएं हैं। ट्रेन संख्या 74991 अंबाला से दौलतपुर चौक तक चलती है और ऊना सहित क्षेत्र के कई प्रमुख रेलवे स्टेशनों से होकर गुजरती है। इन ट्रेनों के रद्द रहने से सितंबर के दौरान संबंधित रेलमार्ग पर यात्रियों की सुविधा प्रभावित होगी।

अक्तूबर तक रद्दीकरण बढ़ाने का प्रस्ताव

रेलवे की सूचना में बताया गया है कि मौजूदा ब्लॉक का कार्य पूरा होने के बाद एक और बड़े रेल ब्लॉक का प्रस्ताव मुख्यालय को भेजा गया है। इसके तहत ट्रेन संख्या 74991 को नौ सितंबर से 15 अक्तूबर और ट्रेन संख्या 74992 को 10 सितंबर से 16 अक्तूबर तक रद्द रखने का प्रस्ताव है। हालांकि सितंबर के बाद प्रस्तावित यह रद्दीकरण रेलवे मुख्यालय की स्वीकृति मिलने पर ही अंतिम रूप से लागू होगा।

Related Topics: