Loading...

ऊना में 37 करोड़ से बनेगा 292.50 मीटर लंबा डबल लेन पुल, निर्माण कार्य तेज

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

स्वां नदी पर करीब 37 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले घालूवाल-झलेड़ा डबल लेन पुल का निर्माण कार्य तेज हो गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग-503ए के तहत तैयार किए जा रहे इस पुल की लंबाई 292.50 मीटर होगी। परियोजना पूरी होने से लोगों का आवागमन सुगम होगा और हरोली विधानसभा क्षेत्र की संपर्क व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

ऊना

उप मुख्यमंत्री एवं हरोली के विधायक मुकेश अग्निहोत्री ने इसी वित्त वर्ष में पुल का शिलान्यास किया था। उनके प्रयासों से परियोजना को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की स्वीकृति मिली। घालूवाल-झलेड़ा पुल हरोली विधानसभा क्षेत्र के प्रवेश मार्ग के लिहाज से महत्वपूर्ण है। नए पुल का निर्माण मौजूदा यातायात जरूरतों को ध्यान में रखकर किया जा रहा है।

छह दशक पुराने पुल की जगह लेगा नया ढांचा

स्वां नदी पर मौजूदा पुल का निर्माण वर्ष 1962 में पंजाब के तत्कालीन मुख्यमंत्री प्रताप सिंह कैरों के कार्यकाल में हुआ था। दशकों तक यह पुल क्षेत्र में आवाजाही का प्रमुख माध्यम रहा, लेकिन वाहनों की संख्या बढ़ने के साथ इस पर यातायात का दबाव भी बढ़ता गया। पुल संकरा होने के कारण यहां अक्सर जाम की स्थिति बनती थी। बरसात में क्षति पहुंचने पर मरम्मत के लिए इसे अस्थायी रूप से बंद भी करना पड़ता था।

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के अनुसार, नए पुल के निर्माण से क्षेत्र में आवागमन बेहतर होगा। उन्होंने कहा कि सड़कें और पुल केवल यातायात के साधन नहीं हैं, बल्कि व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। डबल लेन पुल बनने के बाद इस मार्ग पर यातायात का संचालन अधिक सुगम होने और क्षेत्र की संपर्क व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद है।

हरोली में अन्य पुल परियोजनाओं पर भी काम

हरोली विधानसभा क्षेत्र में संपर्क व्यवस्था सुधारने के लिए अन्य परियोजनाओं पर भी काम चल रहा है। करीब 52 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे पंडोगा-त्यूड़ी पुल को इसी वर्ष तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अतिरिक्त क्षेत्र में करीब 140 करोड़ रुपये की लागत से 11 पुलों का निर्माण जारी है। हरोली-रामपुर पुल का निर्माण पहले ही पूरा हो चुका है, जबकि छोटे पुलों और सड़कों से जुड़े कार्य भी किए जा रहे हैं।

Related Topics: •