ऊना के हरोली में नाबालिगा को भगाने का मामला, आरोपी गिरफ्तार; दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया
Himachalnow / ऊना
ऊना जिले के हरोली क्षेत्र में नाबालिगा के गुम होने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है और मामले की जांच जारी है।
ऊना
शिकायत के आधार पर दर्ज हुआ मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार हरोली थाना क्षेत्र के एक गांव से नाबालिगा के लापता होने पर परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में एक व्यक्ति पर संदेह जताया गया, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के दौरान तकनीकी साधनों और स्थानीय सूत्रों के माध्यम से आरोपी की गतिविधियों का पता लगाने का प्रयास किया।
संयुक्त टीम ने 24 घंटे में की बरामदगी
थाना प्रभारी सुनील सांख्यान और पंडोगा पुलिस चौकी प्रभारी गुरध्यान शर्मा के नेतृत्व में टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान पंजाब पुलिस से भी समन्वय स्थापित किया गया। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस टीम ने 24 घंटे के भीतर जिला पटियाला के राजपुरा रेलवे स्टेशन से नाबालिगा को सुरक्षित बरामद कर लिया और आरोपी को हिरासत में ले लिया। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बच्ची को उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया।
आरोपी पर मामला दर्ज, रिमांड पर भेजा गया
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। सोमवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस के अनुसार नाबालिगा की आयु 12 वर्ष है, जबकि आरोपी की आयु लगभग 60 वर्ष बताई गई है।
जांच प्रक्रिया जारी
डीएसपी हरोली मोहन रावत ने बताया कि मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ की जा रही है और आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।