POCSO / ऊना के हरोली क्षेत्र में नाबालिगा से दुष्कर्म का मामला, पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज, आरोपी फरार
Himachalnow / ऊना / वीरेंद्र बन्याल
POCSO : ऊना के हरोली क्षेत्र के एक गांव में नाबालिगा से दुष्कर्म का मामला सामने आया है, जिसमें पुलिस ने पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत के आधार पर आरोपी की तलाश जारी है और संबंधित अन्य व्यक्तियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।
ऊना
घटना का विवरण
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, 3 अप्रैल की शाम नाबालिगा अपनी बहन के साथ दुकान से सामान लेकर घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में गांव के एक युवक ने उसे रोक लिया और जब वह वहां से निकलने का प्रयास कर रही थी, तभी मुंह ढके हुए चार अन्य व्यक्तियों ने उसे पकड़कर दोबारा उसी युवक के पास पहुंचा दिया। इसके बाद युवक उसे पास के एक ट्यूबवैल तक ले गया, जहां उसके साथ मारपीट करते हुए दुष्कर्म किया गया। घटना के बाद 4 अप्रैल को जब वह बाहर निकली, तो रास्ते में उसे गांव के दो व्यक्तियों ने रोककर मामले को रफा-दफा करने का दबाव बनाया और परिवार को नुकसान पहुंचाने की बात कही।
पुलिस की कार्रवाई
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिगा का मेडिकल परीक्षण करवाया और उसके बयानों के आधार पर मुख्य आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट सहित दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है। इसके अलावा, घटना से जुड़े अन्य दो व्यक्तियों के खिलाफ भी अलग-अलग धाराओं में केस दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और मुख्य आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम कार्रवाई कर रही है, साथ ही सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।