Loading...

ऊना में होमगार्ड जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पुलिस जांच शुरू

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

ऊना जिले के चलेट निवासी होमगार्ड जवान विजय कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ निगलने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें पहले स्थानीय निजी अस्पताल और फिर पंजाब के होशियारपुर स्थित निजी अस्पताल ले गए थे। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

ऊना/दौलतपुर/वीरेंद्र बन्याल

जानकारी के अनुसार, मामला दौलतपुर पुलिस चौकी क्षेत्र का है। शुक्रवार को विजय कुमार की तबीयत अचानक खराब होने पर परिजन उन्हें चलेट स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें होशियारपुर के एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। बताया गया है कि विजय कुमार पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ थे और उनका उपचार चल रहा था।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी। डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि जहरीला पदार्थ निगलने के कारण होमगार्ड जवान की उपचार के दौरान मौत हुई है। विजय कुमार अपने पीछे पत्नी, एक बेटी और दो बेटों को छोड़ गए हैं। घटना के बाद क्षेत्र और होमगार्ड विभाग में शोक का माहौल है।

Related Topics: