Loading...

ऊना में यादविन्द्र गोमा फहराएंगे तिरंगा, जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में होंगे मुख्य अतिथि

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

ऊना में 15 अगस्त को होने वाले जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविन्द्र गोमा मुख्य अतिथि होंगे। वह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक छात्र विद्यालय ऊना के प्रांगण में सुबह 11 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। इसके बाद परेड का निरीक्षण कर सलामी लेंगे और जिलावासियों को संबोधित करेंगे। समारोह में मार्चपास्ट, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सरकारी योजनाओं पर आधारित झांकियां और स्वास्थ्यवर्धक व्यंजनों के स्टॉल भी शामिल होंगे।

ऊना/ऊना/वीरेंद्र बन्याल

मुख्य समारोह से पहले मंत्री यादविन्द्र गोमा एमसी पार्क स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित करेंगे। वह देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि देंगे। उपायुक्त जतिन लाल ने बताया कि समारोह को भव्य और गरिमापूर्ण बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। इसमें पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी और एनएसएस की टुकड़ियों के साथ विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं मार्चपास्ट में भाग लेंगे। विद्यार्थी और नाट्य दल देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी देंगे।

जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित झांकियां

समारोह में विभिन्न विभाग सामाजिक संदेशों और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित झांकियां प्रदर्शित करेंगे। इनमें मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना, डॉ. यशवंत सिंह परमार विद्यार्थी ऋण योजना, राजीव गांधी राजकीय आदर्श डे-बोर्डिंग स्कूल, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान और कैच द रेन को प्रमुखता से दर्शाया जाएगा। कृषि एवं बागवानी विभाग और डीआरडीए की योजनाओं से संबंधित झांकियां भी समारोह का हिस्सा होंगी।

स्वास्थ्यवर्धक व्यंजनों के लगेंगे स्टॉल

स्वस्थ जीवनशैली और पौष्टिक खान-पान को प्रोत्साहित करने के लिए समारोह स्थल पर ईट राइट मेले की तर्ज पर स्वास्थ्यवर्धक व्यंजनों के स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें विभिन्न सरकारी विभागों के साथ स्वयं सहायता समूह भी भागीदारी करेंगे। स्टॉलों पर स्थानीय, प्राकृतिक और पौष्टिक उत्पादों को प्राथमिकता दी जाएगी। समारोह के दौरान विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट और सराहनीय सेवाएं देने वाले अधिकारियों तथा कर्मचारियों को सम्मानित भी किया जाएगा।

उपायुक्त जतिन लाल ने जिले के नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस समारोह में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पर्व को सामूहिक उत्साह, गौरव और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाया जाए। इसके साथ ही देश की एकता और अखंडता के संकल्प को और मजबूत करने में सभी नागरिक अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

Related Topics: