Loading...

ऊना के पालकवाह में पंचायत कार्यालय में आग, लाखों का नुकसान

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 13 Jan 2025 • 1 Min Read

Himachalnow / ऊना

शॉर्ट सर्किट से लगी आग ,12-15 लाख रुपये का नुकसान , सुरक्षा उपायों पर सवाल

टाहलीवाल (ऊना)। हरोली क्षेत्र के पालकवाह गांव में रविवार को ग्राम पंचायत कार्यालय में भीषण आग लग गई, जिसमें 12 से 15 लाख रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। घटना के समय पंचायत कार्यालय में त्रैमासिक बैठक चल रही थी। अचानक हुए शॉर्ट सर्किट से आग भड़क उठी और तेजी से पूरे कार्यालय को अपनी चपेट में ले लिया। आग से कार्यालय में रखे फ्रिज, एसी, गोदरेज अलमारी, कंप्यूटर, इनवर्टर, इंडक्शन और अन्य सरकारी मशीनरी पूरी तरह जल गई।

दमकल विभाग को घटना की सूचना मिलते ही उनकी टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सौभाग्य से इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। पुलिस और दमकल विभाग ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शॉर्ट सर्किट को आग लगने का संभावित कारण बताया है।

इस घटना ने पंचायत भवनों में सुरक्षा उपायों की कमी को उजागर किया है। ग्रामीणों ने मांग की है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए पंचायत कार्यालयों में आधुनिक अग्नि सुरक्षा उपकरण लगाए जाएं। साथ ही, प्रशासन से अनुरोध किया गया है कि इस घटना में हुए नुकसान की भरपाई के लिए त्वरित कदम उठाए जाएं।