ऊना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के दो मामलों में 8 लोगों को पकड़ा, चोरी की बाइक बरामद
Himachalnow / ऊना / वीरेंद्र बन्याल
ऊना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के दो मामलों की जांच के दौरान 8 लोगों को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई दो मोटरसाइकिलें और वारदात में इस्तेमाल किए गए दो अन्य वाहन भी बरामद किए हैं।
ऊना
मोटरसाइकिल चोरी के दो मामलों में हुई कार्रवाई
जिला पुलिस ऊना ने मोटरसाइकिल चोरी के दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस के अनुसार दोनों मामलों की जांच के दौरान एक गिरोह की संलिप्तता सामने आई। कार्रवाई के दौरान चोरी की गई दोनों मोटरसाइकिलें बरामद कर ली गई हैं। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल किए गए दो अन्य मोटरसाइकिलों को भी कब्जे में लिया गया है।
चार आरोपी गिरफ्तार, चार नाबालिग भी शामिल
पुलिस ने मामले में हरमन जोत सिंह निवासी नंगल लुहाड़ा जिला कपूरथला पंजाब, अनुराग निवासी सिंगा जिला ऊना, प्रिंस निवासी गोंदपुर बुल्लां जिला ऊना तथा करण मलिक निवासी गढ़दीवाला जिला होशियारपुर पंजाब को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि वारदात में चार नाबालिग भी शामिल थे। पुलिस द्वारा नाबालिगों के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
शिकायत के बाद शुरू हुई थी जांच
पुलिस के अनुसार पहला मामला 22 अप्रैल को दर्ज किया गया था। इसमें अजय कुमार निवासी सुखहार जिला कांगड़ा ने शिकायत दी थी कि थानिकपुरा क्षेत्र से रात के समय उनकी मोटरसाइकिल चोरी हो गई। वहीं दूसरे मामले में नितिन कालिया निवासी चिंतपूर्णी ने 24 अप्रैल को पुलिस थाना चिंतपूर्णी में शिकायत दर्ज करवाई थी कि आशियाना भोजनालय के समीप से उनकी मोटरसाइकिल चोरी कर ली गई।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंची पुलिस
दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस थाना चिंतपूर्णी में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। थाना प्रभारी जयराम कुमार शर्मा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई की। जांच के दौरान पुलिस आरोपियों तक पहुंची और उन्हें काबू किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही पुलिस
पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य मामलों और संभावित वारदातों को लेकर जांच कर रही है। एसपी ऊना सचिन हिरेमठ ने लोगों से अपने घरों और दुकानों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।