Loading...

जिला ऊना पुलिस की बड़ी सफलता: जालंधर से दो लुटेरे गिरफ्तार, तीसरे की तलाश जारी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 27 Apr 2026 • 1 Min Read

Himachalnow / ऊना / वीरेंद्र बन्याल

जिला ऊना में हाल ही में हुई लूटपाट की घटनाओं पर पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जिला पुलिस अधीक्षक सचिन हीरेमठ ने बताया कि त्यूरी और बहडाला में दो दिन पहले हुई वारदातों के मामले में दो आरोपियों को पंजाब के जालंधर से गिरफ्तार किया गया है।

ऊना

जिला ऊना में हाल ही में हुई लूटपाट की घटनाओं पर पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जिला पुलिस अधीक्षक सचिन हीरेमठ ने बताया कि त्यूरी और बहडाला में दो दिन पहले हुई वारदातों के मामले में दो आरोपियों को पंजाब के जालंधर से गिरफ्तार किया गया है।एसपी ने जानकारी देते हुए बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान अनमोल दत्त पुत्र विजय कुमार और मुख्य आरोपी सुरजीत सिंह पुत्र बलबीर सिंह निवासी नकोदर, जालंधर के रूप में हुई है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि पूछताछ के दौरान वारदात से जुड़े सभी पहलुओं का खुलासा किया जा सके।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी स्कूटी और बाइक पर सवार होकर आए थे। उन्होंने पहले एक शराब के ठेके पर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया और इसके बाद बहडाला में पेट्रोल पंप कर्मियों को एयरगन के दम पर लूटने का प्रयास किया, हालांकि यह प्रयास नाकाम रहा।एसपी सचिन हीरेमठ ने बताया कि आरोपियों के पास एयरगन थी, जिसका इस्तेमाल लोगों को डराने के लिए किया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कर त्वरित कार्रवाई की और पंजाब में दबिश देकर आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की।उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला पुलिस अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा तथा गश्त बढ़ाई जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।