Loading...

रातभर सड़कों पर पुलिस का पहरा, नाकों पर राजपत्रित अधिकारियों ने संभाली कमान

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 4 Hours Ago • 1 Min Read

जिला ऊना में कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस ने रातभर विभिन्न स्थानों पर व्यापक नाकाबंदी कर सुरक्षा का मोर्चा संभाले रखा। जिले के प्रमुख प्रवेश एवं निकास मार्गों सहित संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा और आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच की गई। वहीं, राजपत्रित पुलिस अधिकारियों (GOs) ने स्वयं नाकों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की और पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल/हिमाचल नाऊ न्यूज।

रात्रि गश्त और नाकाबंदी के दौरान पुलिस टीमों ने वाहनों के दस्तावेजों एवं आवाजाही की जांच करने के साथ-साथ संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर भी पैनी नजर रखी। वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित नाकों का निरीक्षण कर ड्यूटी पर तैनात जवानों की मुस्तैदी जांची तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

पुलिस का यह विशेष सुरक्षा अभियान रातभर जारी रहा। नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने यातायात नियमों के पालन पर भी विशेष जोर दिया। वाहन चालकों को तेज गति, लापरवाही और नशे की हालत में वाहन न चलाने के प्रति जागरूक किया गया।

पुलिस अधीक्षक ऊना ने कहा कि जिला पुलिस नागरिकों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 24 घंटे पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि रात्रि के समय विशेष सावधानी बरतें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें और नाकाबंदी के दौरान पुलिस टीमों का सहयोग करें।

पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उन्हें कोई संदिग्ध व्यक्ति, वाहन अथवा गतिविधि नजर आती है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी महत्वपूर्ण सूचना की पुष्टि केवल अधिकृत माध्यमों से करने का आग्रह किया गया है।

जिला पुलिस ने स्पष्ट किया कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि पर पूरी सतर्कता के साथ नजर रखी जा रही है।

Related Topics: • •