ऊना RTA बैठक के लिए 26 नवंबर तक आवेदन जरूरी, अधूरे मामलों पर नहीं होगा विचार
क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण ऊना की बैठक 2 दिसंबर को परिवहन निदेशक कार्यालय शिमला में होगी। बैठक में अपने मामले पर विचार कराने के इच्छुक वाहन स्वामियों और अन्य आवेदकों को आवश्यक दस्तावेजों के साथ 26 नवंबर तक आवेदन जमा करवाना होगा। निर्धारित समय के बाद मिलने वाले या अधूरे दस्तावेजों वाले आवेदन बैठक में शामिल नहीं किए जाएंगे।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ऊना समीर दत्ता ने संबंधित वाहन स्वामियों और आवेदकों से तय समय के भीतर पूर्ण आवेदन जमा करवाने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि 26 नवंबर के बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों पर बैठक में विचार नहीं किया जाएगा। इसी तरह अधूरे आवेदन पत्र या आवश्यक दस्तावेज संलग्न नहीं होने की स्थिति में भी मामला प्राधिकरण के समक्ष नहीं रखा जाएगा।
परमिट हस्तांतरण में दोनों पक्षों की उपस्थिति जरूरी
बस परमिट और अन्य परमिटों के हस्तांतरण से जुड़े मामलों में क्रेता और विक्रेता, दोनों का क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण के समक्ष उपस्थित होना अनिवार्य रहेगा। यदि दोनों पक्ष उपस्थित नहीं होते हैं तो संबंधित मामले पर कोई निर्णय नहीं लिया जाएगा। आवेदकों को बैठक से पहले उपस्थिति और जरूरी दस्तावेजों से संबंधित सभी औपचारिकताएं पूरी करने को कहा गया है।
स्टेज कैरिज परमिट के ड्रॉ में प्रतिनिधि हो सकेगा शामिल
नए प्रकाशित स्टेज कैरिज बस परमिट के लिए प्राप्त आवेदनों के ड्रॉ ऑफ लॉट्स के दौरान आवेदक स्वयं उपस्थित हो सकता है। उसके स्थान पर अधिकृत या नामित व्यक्ति को भी उपस्थित रहने की अनुमति होगी। यदि आवेदक या उसका प्रतिनिधि ड्रॉ के समय उपस्थित नहीं होता है, तब भी उसका आवेदन ड्रॉ ऑफ लॉट्स में शामिल किया जाएगा।

