ऊना दौरे में विकास और जनसंपर्क की झलक, मंत्री विक्रमादित्य सिंह को मिला गर्मजोशी से स्वागत: कामरेड जगत राम शर्मा
ऊना दौरे के दौरान लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने विकास कार्यों का निरीक्षण किया और विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया। कामरेड जगत राम शर्मा ने दौरे को विकास और जनसंपर्क से जुड़ा बताते हुए कई गतिविधियों की जानकारी साझा की। दौरे के दौरान स्थानीय लोगों ने भी विभिन्न मुद्दों और क्षेत्रीय विकास से जुड़े विचार मंत्री के समक्ष रखे।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
राष्ट्रीय इंटक के सचिव एवं प्रदेश इंटक के महासचिव कामरेड जगत राम शर्मा ने लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह के ऊना दौरे को अत्यंत प्रभावशाली और जनभावनाओं से जुड़ा बताया। उन्होंने कहा कि मंत्री के दौरे के दौरान विकास कार्यों के निरीक्षण के साथ-साथ लोगों से आत्मीय संवाद भी देखने को मिला।कामरेड जगत राम शर्मा ने बताया कि मंत्री विक्रमादित्य सिंह ऊना विश्राम गृह से सीधे टक्का स्थित पैलेस पहुंचे, जहां उन्होंने जिला परिषद चुनाव में विजयी रहे सुमित शर्मा के सम्मान में आयोजित जश्न समारोह में भाग लिया और उन्हें जीत की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद मंत्री ने क्षेत्र की विभिन्न सड़कों और पुलों का निरीक्षण कर विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
दौरे के दौरान मंत्री विक्रमादित्य सिंह बनौड़े महादेव मंदिर, चताड़ा पहुंचे, जहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश और जनता की सुख-समृद्धि एवं मंगलकामना की प्रार्थना की। इस अवसर पर स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने मंत्री विक्रमादित्य सिंह, विधायक विवेक शर्मा, कामरेड जगत राम शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोगों का पारंपरिक तरीके से सम्मान किया।कामरेड जगत राम शर्मा ने बताया कि मंदिर परिसर में स्थानीय लोगों ने पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि देते हुए उनकी यादें साझा की। ग्रामीणों ने कहा कि बनौड़ महादेव मंदिर तक सड़क निर्माण का श्रेय भी स्व. वीरभद्र सिंह को जाता है, जिनके प्रयासों से क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं का व्यापक विस्तार हुआ।
उन्होंने बताया कि मंदिर से लौटने के बाद मंत्री विक्रमादित्य सिंह कुछ समय के लिए होटल गुलमोहर में रुके, जहां उन्हें स्व. वीरभद्र सिंह से जुड़े कई पुराने संस्मरण साझा करने का अवसर मिला। जगत राम शर्मा ने कहा कि उन्होंने मंत्री को बताया कि जिला ऊना में आज जो विकास की मजबूत नींव दिखाई देती है, उसमें पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का अतुलनीय योगदान रहा है। उनके नेतृत्व में हुए विकास कार्य आज भी लोगों के दिलों में सम्मान और स्नेह के साथ याद किए जाते हैं।
कामरेड जगत राम शर्मा ने विश्वास व्यक्त किया कि लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह अपने पिता स्व. वीरभद्र सिंह के आदर्शों और जनसेवा की विरासत को आगे बढ़ाते हुए प्रदेश में विकास की नई इबारत लिखेंगे। उन्होंने उनके सफल, जनकल्याणकारी और विकासोन्मुख कार्यकाल की कामना करते हुए कहा कि प्रदेश और विशेषकर जिला ऊना की जनता को उनसे बड़ी उम्मीदें हैं।