Loading...

बदोली में मनरेगा मजदूरों से मिले विधायक विवेक शर्मा, समस्याएं सुनकर बांटे ग्लव्ज

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 4 Hours Ago • 1 Min Read

*कुटलैहड़ में मनरेगा मजदूरों के बीच पहुंचे विधायक विवेक शर्मा, सुनी समस्याएं*

*ऊना/वीरेंद्र बन्याल/हिमाचल नाऊ न्यूज।*

कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा ने शनिवार को बदोली में मनरेगा कार्य में जुटे मजदूरों के बीच पहुंचकर उनसे सीधा संवाद किया। विधायक ने मजदूरों के साथ बातचीत कर उनके कामकाज से जुड़ी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा मौके पर उनकी बातों को गंभीरता से सुना।

विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि मनरेगा मजदूर ग्रामीण विकास की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। गांवों में विकास कार्यों को धरातल पर उतारने में इन श्रमिकों की अहम भूमिका रहती है। उन्होंने कहा कि मजदूरों की मेहनत से जहां गांवों में विकास कार्य आगे बढ़ते हैं, वहीं स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलते हैं।

इस दौरान विधायक ने मनरेगा कार्य में लगे भाई-बहनों के साथ काफी समय बिताया और उनके कार्य करने के अनुभवों तथा रोजमर्रा की परेशानियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने मजदूरों के हाथों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें ग्लव्ज भी वितरित किए। विधायक ने कहा कि श्रमिकों की सुरक्षा और सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा कार्यस्थल पर आवश्यक सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

मनरेगा मजदूरों ने विधायक के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनने और सुरक्षा के लिए ग्लव्ज उपलब्ध करवाने पर आभार जताया। विधायक ने आश्वासन दिया कि क्षेत्र के मजदूरों और ग्रामीणों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों के समक्ष उठाया जाएगा तथा विकास कार्यों को गति देने के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।

Related Topics: