Loading...

वोट चोरी’ का शोर मचाने वाली कांग्रेस सबूत सामने रखे: राकेश डोगरा

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

एसआईआर पर कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता का पलटवार, बोले—पात्र मतदाता का वोट नहीं कटना चाहिए, अपात्र नामों की जांच भी जरूरी

नाहन

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राकेश डोगरा ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कांग्रेस की ओर से लगाए जा रहे आरोपों पर पलटवार किया है। उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि यदि वोट चोरी हुई है, तो वह संबंधित मतदाता का नाम, मतदान केंद्र और इसके समर्थन में प्रमाण सार्वजनिक करे। डोगरा ने कहा कि केवल राजनीतिक नारेबाजी के आधार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाना उचित नहीं है।

राकेश डोगरा ने कहा कि यदि किसी पात्र मतदाता का नाम गलत तरीके से मतदाता सूची से हटाया गया है, तो उसे नियमानुसार दोबारा शामिल किया जाना चाहिए। वहीं, मृत व्यक्तियों के नाम, दोहरी प्रविष्टियों और अन्य अपात्र नामों की जांच कर मतदाता सूची को शुद्ध करने की प्रक्रिया को वोट चोरी बताना उचित नहीं है।

उन्होंने कांग्रेस से यह भी पूछा कि हिमाचल प्रदेश में उसकी सरकार का गठन भी इसी निर्वाचन व्यवस्था के तहत हुए चुनावों के परिणामस्वरूप हुआ है। ऐसे में कांग्रेस को स्पष्ट करना चाहिए कि जिस निर्वाचन व्यवस्था के तहत मिले जनादेश को उसने स्वीकार किया, उसी व्यवस्था पर सवाल उठाने के पीछे उसका आधार क्या है।

डोगरा ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है। इसमें किसी पात्र मतदाता का नाम नहीं कटना चाहिए, लेकिन अपात्र नामों को सूची में बनाए रखने की जिद भी उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता और मतदाता सूची की शुद्धता निष्पक्ष निर्वाचन व्यवस्था के लिए आवश्यक हैं।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि निर्वाचन आयोग से सवाल पूछना लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन गंभीर आरोपों के साथ प्रमाण भी सामने रखे जाने चाहिए। कांग्रेस को ‘वोट चोरी’ के आरोपों पर राजनीतिक बयानबाजी करने के बजाय तथ्य सार्वजनिक करने चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती निष्पक्ष चुनाव, पारदर्शिता और प्रत्येक पात्र मतदाता के अधिकारों की रक्षा से सुनिश्चित होती है।

Related Topics: • •