Loading...

फैक्टरी में सांप के डसने से मजदूर की मौत के बाद हंगामा, एसडीएम की मौजूदगी में हुआ समझौता

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 27 Jul 2026 • 1 Min Read

कालाअम्ब के मोगीनन्द स्थित एक उद्योग में काम के दौरान सांप के डसने से एक मजदूर की मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने फैक्टरी प्रबंधन के खिलाफ मुख्य द्वार पर धरना देकर नारेबाजी की। सूचना मिलने पर पुलिस और जिला प्रशासन मौके पर पहुंचा, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच बातचीत कर मामला शांत कराया गया।

कालाअम्ब

मजदूर की मौत के बाद फैक्टरी परिसर के बाहर माहौल तनावपूर्ण हो गया। मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने उद्योग प्रबंधन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति को देखते हुए फैक्टरी प्रबंधन ने उद्योग का मुख्य गेट बंद कर दिया और तत्काल पुलिस तथा जिला प्रशासन को इसकी सूचना दी। इसके बाद कालाअम्ब पुलिस और एसडीएम नाहन राजीव संख्यान मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

एसडीएम ने दोनों पक्षों से की बातचीत

प्रशासन ने मृतक के परिजनों और उद्योग प्रबंधन से अलग-अलग बातचीत कर विवाद को सुलझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चली वार्ता के बाद एसडीएम की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से समझौता हो गया। समझौते के बाद परिजनों ने अपना धरना समाप्त कर दिया और मजदूर का शव लेकर अपने पैतृक गांव के लिए रवाना हो गए। इस दौरान पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रही और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही।

प्रशासन ने सहायता का दिया भरोसा

एसडीएम नाहन राजीव संख्यान ने बताया कि उद्योग में कार्य के दौरान एक मजदूर को सांप ने काट लिया था, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजन और स्थानीय लोग उद्योग के मुख्य द्वार पर धरने पर बैठ गए थे। प्रशासन ने दोनों पक्षों के साथ बातचीत कर आपसी सहमति से समझौता करवा दिया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से मृतक के परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया गया है। प्रशासन की पहल से क्षेत्र में बना तनावपूर्ण माहौल शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हो गया।

Related Topics: