World Cup 2023: भारत ने अपने दूसरे मैच में अफगानिस्तान को आठ विकेट से हराया
रोहित शर्मा ने 84 गेंदों में 16 चौके और पांच छक्के की मदद से 131 रन की खेली पारी
विश्व कप 2023 में भारत ने अपने दूसरे मैच में अफगानिस्तान को आठ विकेट से हरा कर जीत हासिल की है। इसके पहले भारत ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर जीत दर्ज की थी। बता दें आज दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने 50 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 272 रन बनाए थे।
कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने 80 रन और अजमतुल्लाह उमरजई ने 62 रन की पारी खेली थी।जवाब में भारत ने 35 ओवर में दो विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। कप्तान रोहित शर्मा ने 84 गेंदों में 16 चौके और पांच छक्के की मदद से 131 रन की पारी खेली।
वहीं, विराट कोहली 56 गेंदों में 55 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने 35वें ओवर की आखिरी गेंद पर चौका लगाकर टीम इंडिया को जीत दिलाई। यह विराट के वनडे करियर का 68वां अर्धशतक रहा। वहीं, यह उनका लगातार दूसरा अर्धशतक रहा। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पिछले मैच में विराट ने 85 रन बनाए थे।